बागमती घाट पर चला स्वच्छता अभियान, युवाओं ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश,

विश्व पर्यावरण दिवस पर श्रमदान और जनजागरूकता कार्यक्रम, 50 से अधिक युवाओं ने लिया स्वच्छता व नदी संरक्षण का संकल्प

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला गंगा समिति, दरभंगा द्वारा दरभंगा नगर निगम के सहयोग से बागमती नदी के वृंदावन घाट (शिवाजी नगर, वार्ड-22) पर स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 50 से अधिक युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर घाट की सफाई की तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

जिला पदाधिकारी-सह-अध्यक्ष, जिला गंगा समिति के निर्देश पर आयोजित इस अभियान का उद्देश्य आम लोगों को स्वच्छ पर्यावरण, जल स्रोतों और नदी संरक्षण के प्रति जागरूक करना तथा सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देना था। प्रतिभागियों ने घाट परिसर में प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट पदार्थों का संग्रहण किया तथा लोगों को एकल-उपयोग प्लास्टिक के दुष्प्रभावों और स्वच्छता के महत्व के बारे में जानकारी दी।

जिला गंगा समिति के जिला परियोजना पदाधिकारी फारूक इमाम ने कहा कि स्वच्छ नदियां और स्वच्छ पर्यावरण ही आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य की आधारशिला हैं। उन्होंने युवाओं और नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने तथा जल स्रोतों को प्रदूषणमुक्त रखने की अपील की।

स्थानीय वार्ड-22 की पार्षद रिंकू कुमारी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने युवाओं से स्वच्छ और हरित वातावरण के निर्माण में निरंतर सहयोग देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों को गंगा स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई। उन्होंने गंगा एवं उसकी सहायक नदियों, तालाबों और अन्य जल स्रोतों को स्वच्छ रखने, पॉलीथिन और कूड़ा-कचरा नहीं फेंकने, जलीय जीवों और वृक्षों के संरक्षण के लिए कार्य करने तथा समाज को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

अभियान में समाजसेवी अरुण शर्मा, नमामि गंगे के संजीव कुमार, पूजा कुमारी, मणिकांत ठाकुर, स्वयंसेवक सुमेधा, नयन प्रिया, प्रिंस और जिकरा फातमा सहित बड़ी संख्या में युवाओं एवं स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। सभी ने पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।