बेनीपुर उपकारा का निरीक्षण, बंदियों की सुविधाओं का लिया जायजा,

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने पेयजल, स्वास्थ्य और विधिक सहायता व्यवस्था दुरुस्त रखने के दिए निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दरभंगा श्री अजय कुमार शर्मा ने बुधवार को बेनीपुर उपकारा का निरीक्षण कर वहां बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने महिला एवं पुरुष वार्डों में जाकर बंदियों से संवाद किया और भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सेवा सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान न्यायाधीश ने जेल की पाकशाला में तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की जांच की तथा चिकित्सालय में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। महिला वार्ड का निरीक्षण करते हुए उन्होंने वहां रह रही महिला बंदियों की व्यवस्था देखी और उनके साथ आवासित बच्चों के लिए खेल सामग्री उपलब्ध कराने का निर्देश जेल प्रशासन को दिया।

भीषण गर्मी को देखते हुए उन्होंने जेल परिसर में विभिन्न स्थानों पर स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही बंदियों को उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता, परिजनों से मुलाकात एवं टेलीफोनिक बातचीत की सुविधाओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने जेल प्रशासन को सभी व्यवस्थाएं जेल मैनुअल के अनुरूप संचालित करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम श्री ऋषि गुप्ता भी उपस्थित रहे।

मौके पर कारा अधीक्षक वीरेंद्र कुमार राय, उपाधीक्षक रत्नेश कुमार राय, जेल विजिटिंग अधिवक्ता मोहम्मद हैदर अली तथा कारा चिकित्सक डॉ. सलमान रजा समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।