गलत कागजात पर हस्ताक्षर से इनकार करने पर पंचायत सचिव पर हमला, बनाया बंधक,

सरकारी कार्य के दौरान मारपीट, आंख में चोट; पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल

संवाददाता, हनुमाननगर (दरभंगा)।

हनुमाननगर प्रखंड के डीहलाही ग्राम पंचायत में सरकारी कार्य के दौरान एक पंचायत सचिव पर हमला कर उन्हें बंधक बनाए जाने का मामला सामने आया है। घटना विशनपुर थाना क्षेत्र की है। घायल पंचायत सचिव संदीप कुमार ने इस संबंध में दो लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है।

थाने में दिए आवेदन के अनुसार, रोहतास जिले के हरनाथपुर निवासी एवं वर्तमान में डीहलाही पंचायत में पदस्थापित पंचायत सचिव संदीप कुमार मंगलवार दोपहर करीब 12:40 बजे सरकारी कार्य से डीहलाही गांव गए थे। इसी दौरान डीहलाही निवासी मिथलेश राम एवं कृष्ण कुमार पासवान ने उन्हें रास्ते में रोक लिया।

आरोप है कि दोनों ने पुरानी नल-जल योजना से संबंधित गलत अभिलेखों पर जबरन हस्ताक्षर करने का दबाव बनाया। पंचायत सचिव द्वारा नियमों के विरुद्ध दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने से इनकार करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर कृष्ण कुमार पासवान ने हाथ में पहने लोहे के पंच से उनके सिर पर हमला कर दिया। बचाव के दौरान पंच उनकी दाहिनी आंख पर लग गया, जिससे वे घायल हो गए।

पीड़ित के अनुसार, इसके बाद दोनों आरोपियों ने लाठी-डंडे और पत्थरों से उनकी पिटाई की तथा जेब से एक हजार रुपये निकाल लिए। इतना ही नहीं, घायल अवस्था में उन्हें घसीटते हुए डीहलाही पंचायत भवन ले जाया गया और एक कमरे में बंद कर बंधक बना लिया गया।

घटना की सूचना मिलने पर विशनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचायत सचिव को बंधनमुक्त कराया। थानाध्यक्ष अरविन्द कुमार ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।