झाझा थाना के चालक सिपाही को 12 हजार रुपये रिश्वत लेते SVU ने दबोचा, थाना प्रभारी पर भी केस दर्ज
झाझा थाना के चालक सिपाही को 12 हजार रुपये रिश्वत लेते SVU ने दबोचा, थाना प्रभारी पर भी केस दर्ज
झाझा थाना के चालक सिपाही को 12 हजार रुपये रिश्वत लेते SVU ने दबोचा, थाना प्रभारी पर भी केस दर्ज
दस्तक 7मीडिया ,पटना/जमुई।
भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने झाझा थाना के चालक सिपाही जितेन्द्र कुमार को 12 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह रिश्वत बालू से भरे ट्रैक्टरों के संचालन के बदले ली जा रही थी। मामले में झाझा थाना प्रभारी लाल बहादुर सिंह के विरुद्ध भी भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
SVU के अपर पुलिस महानिदेशक पंकज कुमार दाराद ने बताया कि झाझा थाना क्षेत्र के चितोचक गांव निवासी उमेश यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि झाझा थाना प्रभारी लाल बहादुर सिंह और उनके चालक सिपाही जितेन्द्र कुमार द्वारा बालू लदे ट्रैक्टरों के संचालन के लिए प्रति ट्रैक्टर प्रतिदिन तीन हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायतकर्ता के पास तीन ट्रैक्टर होने के कारण उससे प्रतिदिन कुल 12 हजार रुपये मांगे जा रहे थे।
शिकायत मिलने के बाद SVU ने मामले का सत्यापन कराया। जांच के दौरान चालक सिपाही जितेन्द्र कुमार ने शिकायतकर्ता से स्पष्ट रूप से कहा कि प्रति गाड़ी तीन हजार रुपये देने पर ही ट्रैक्टर चलाने दिया जाएगा। उसने यह भी कहा कि यह राशि थाना प्रभारी को देनी है और उनसे अलग से मिलने की आवश्यकता नहीं है।
सत्यापन में शिकायत सही पाए जाने के बाद SVU थाना कांड संख्या-20/2026 दिनांक 2 जून 2026 के तहत थाना प्रभारी लाल बहादुर सिंह और चालक सिपाही जितेन्द्र कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा-7 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2)(a) के तहत मामला दर्ज किया गया।
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस उपाधीक्षक कृष्ण कुमार गुप्ता के नेतृत्व में गठित धावा दल ने झाझा थाना के समीप दुर्गा चौक पर कार्रवाई करते हुए चालक सिपाही जितेन्द्र कुमार को 12 हजार रुपये रिश्वत की राशि स्वीकार करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई एवं अनुसंधान जारी है।
SVU ने आम लोगों से अपील की है कि रिश्वत मांगने से संबंधित किसी भी शिकायत की सूचना कार्यालय अवधि में विशेष निगरानी इकाई के दूरभाष संख्या 0612-2506253 अथवा मोबाइल नंबर 9031633644 पर दी जा सकती है।