सीवान जिला के बाईपास पर पुलिस की घेराबंदी, पिस्टल-कारतूस के साथ पांच गिरफ्तार
सीवान जिला के बाईपास पर पुलिस की घेराबंदी, पिस्टल-कारतूस के साथ पांच गिरफ्तार
सीवान जिला के बाईपास पर पुलिस की घेराबंदी, पिस्टल-कारतूस के साथ पांच गिरफ्तार
दस्तक 7मीडिया ,सिवान/
सक्रिय पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण अभियान के तहत महादेवा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार के साथ पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक देशी पिस्टल, तीन कारतूस और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 1/2 जून की रात महादेवा थाना पुलिस क्षेत्र में नियमित गश्ती कर रही थी। इसी दौरान सिवान बाईपास रोड स्थित बभनौली गांव के समीप एक संदिग्ध वाहन पुलिस वाहन को देखकर अचानक मुड़कर भागने का प्रयास करने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया और तलाशी ली।
तलाशी के दौरान वाहन में सवार पांच व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उनकी पहचान अभिमन्यु कुमार, विवेक महतो, नीरज कुमार, अनूप कुमार और अरविन्द महतो के रूप में हुई। सभी जी.बी. नगर थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने तलाशी के दौरान आरोपितों के पास से एक देशी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस तथा तीन मोबाइल फोन बरामद किए। बरामदगी के आधार पर सभी को गिरफ्तार कर लिया गया।
इस मामले में महादेवा थाना में बीएनएस की धारा 317(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए, 26 एवं 35 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच और आगे की विधिसम्मत कार्रवाई में जुटी है। साथ ही गिरफ्तार अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
पुलिस कार्रवाई का नेतृत्व महादेवा थानाध्यक्ष पु.अ.नि. विनीत विनायक ने किया। अभियान में थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान भी शामिल रहे।