बिरौल में पुलिस की बड़ी कार्रवाई आधी रात को चौर में छापेमारी, शराब से लदा 16 चक्का ट्रक और पिकअप जब्त

दस्तक 7 मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।


बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए पुलिस लगातार मुस्तैद है। इसी कड़ी में बिरौल थाना पुलिस ने बीती रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब की खेप बरामद की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर इटवा शिवनगर स्थित चौर (दलदली/मैदानी इलाका) में छापेमारी कर शराब से लदे एक विशाल 16 चक्का ट्रक और एक पिकअप वैन को जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को देर रात गुप्त सूचना मिली थी कि इटवा शिवनगर के सुनसान चौर वाले इलाके में तस्करों द्वारा शराब की एक बड़ी खेप उतारी जा रही है। सूचना मिलते ही बिरौल थाना पुलिस ने बिना वक्त गंवाए त्वरित कार्रवाई की। रात के करीब 2 बजे भारी पुलिस बल के साथ इलाके में छापामारी की। तस्करों ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए चौर के दुर्गम और छिपे हुए हिस्से में वाहनों को खड़ा किया था। इलाका दलदली होने के कारण भारी भरकम 16 चक्का ट्रक और पिकअप वैन वहां बुरी तरह फंस गए थे। इन्हें चौर से बाहर निकालना पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती थी। आखिरकार, पुलिस को सुबह जेसीबी मशीन बुलानी पड़ी। काफी मशक्कत के बाद दोनों वाहनों को सुरक्षित निकाल कर बिरौल थाना लाया गया।
थाना परिसर में दोनों वाहनों से शराब की पेटियों को खाली कराने और उनकी गिनती करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्राथमिक अनुमान के अनुसार, जब्त की गई विदेशी शराब की कीमत बाजार में लाखों रुपये आंकी जा रही है।