डीएमसीएच सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की लिफ्ट में दो घंटे फंसा रहा दंपत्ति, दरवाजा तोड़कर निकाला गया सुरक्षित

दस्तक 7 मीडिया दरभंगा/अफजल खान 

डीएमसीएच के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में मंगलवार को लिफ्ट खराब होने से एक दंपत्ति करीब दो घंटे तक अंदर फंसे रहे। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरातफरी मच गई। काफी मशक्कत और तकनीकी प्रयासों के बाद लिफ्ट का दरवाजा तोड़कर दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस दौरान महिला की तबीयत बिगड़ गई, जिसे तत्काल इमरजेंसी विभाग में भर्ती कर उपचार कराया गया।

जानकारी के अनुसार बहेड़ी थाना क्षेत्र के अटहर गांव निवासी दंपत्ति चिकित्सकीय परामर्श के लिए अस्पताल पहुंचे थे। डॉक्टर से मिलने के बाद दोपहर करीब दो बजे वे ऊपरी मंजिल से भूतल पर आने के लिए लिफ्ट में सवार हुए। लिफ्ट नीचे तो पहुंच गई, लेकिन उसका दरवाजा नहीं खुला, जिससे दोनों अंदर ही फंस गए।

लिफ्ट के भीतर से आवाजें सुनकर ड्यूटी पर तैनात कर्मियों ने उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। समय बीतने के साथ दंपत्ति घबरा गए और लगातार मदद की गुहार लगाते रहे। सूचना मिलने पर अस्पताल प्रशासन और अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा राहत कार्य शुरू किया गया।

काफी देर तक तकनीकी प्रयास विफल रहने के बाद लिफ्ट का दरवाजा तोड़ने का फैसला लिया गया। लंबी जद्दोजहद के बाद दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बाहर निकलते ही महिला की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे एम्बुलेंस से इमरजेंसी विभाग भेजा गया। उपचार के बाद उसकी स्थिति सामान्य होने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

सूत्रों के अनुसार सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की अधिकांश लिफ्टें लंबे समय से खराब पड़ी हैं। वर्तमान में केवल एक लिफ्ट का उपयोग किया जा रहा था, जिसकी तकनीकी स्थिति भी संतोषजनक नहीं बताई जा रही है। इस घटना के बाद अस्पताल की लिफ्ट व्यवस्था और रखरखाव को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. सुरेंद्र कुमार ने बताया कि सभी लिफ्टों की मरम्मत और रखरखाव के लिए संबंधित एजेंसी को वार्षिक अनुरक्षण अनुबंध (एएमसी) दिया गया है। लिफ्टों को दुरुस्त करने का कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही दंपत्ति को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए तत्काल कार्रवाई की गई।