जिला बंदोबस्त पदाधिकारी ने केवटी सर्वे शिविर का किया निरीक्षण,लंबित कार्य जल्द पूरा करने का दिया निर्देश
जिला बंदोबस्त पदाधिकारी ने केवटी सर्वे शिविर का किया निरीक्षण,लंबित कार्य जल्द पूरा करने का दिया निर्देश
जिला बंदोबस्त पदाधिकारी ने केवटी सर्वे शिविर का किया निरीक्षण,लंबित कार्य जल्द पूरा करने का दिया निर्देश
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
जिला बंदोबस्त पदाधिकारी मनोज कुमार ने केवटी मुख्यालय स्थित विशेष सर्वे शिविर कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सर्वे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और कार्यालय में रखे विभिन्न अभिलेखों एवं पंजियों की विस्तार से जांच की। निरीक्षण के समय अधिकारियों ने ग्राम अभिलेख,प्रपत्र पंजी-दो,प्रपत्र पंजी-पांच,उपस्थिति पंजी,आगत-निर्गत पंजी,संचालन पंजी,किस्तवार पंजी,वंशावली पंजी तथा परिसीमन रिपोर्ट पंजी समेत कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों का गहन अवलोकन किया। जांच के दौरान कुछ पंजियों में कार्य लंबित पाए गए,जिस पर जिला बंदोबस्त पदाधिकारी ने संबंधित कर्मियों को जल्द से जल्द सभी लंबित कार्यों को पूरा करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि सर्वे कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अभिलेखों का नियमित एवं सही तरीके से संधारण किया जाना आवश्यक है। साथ ही क्षेत्र में चल रहे सर्वेक्षण कार्यों की प्रगति पर लगातार नजर रखने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रतिदिन कार्यों से संबंधित तस्वीरें विभाग के आधिकारिक ग्रुप में अपलोड करने का निर्देश दिया गया। निरीक्षण के दौरान अमीन डायरी और एमआईएस रिपोर्ट से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिला बंदोबस्त पदाधिकारी ने अमीन डायरी को शत-प्रतिशत सही एवं नियमित रूप से अद्यतन रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सर्वे कार्यों की पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखने के लिए सभी अभिलेखों का समय-समय पर संधारण जरूरी है। इस अवसर पर कानूनगो अमित रंजन सिंह,शिविर प्रभारी अमित कुमार,रौशन कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। निरीक्षण के बाद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए ताकि सर्वेक्षण कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।