सहयोग शिविर में समस्याओं के समाधान पर जोर, शिशो पश्चिम में पंचायत सरकार भवन व स्वास्थ्य केंद्र का शुभारंभ

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिले में आयोजित सहयोग शिविरों के माध्यम से आम जनता की समस्याओं के त्वरित निवारण और सरकारी योजनाओं का लाभ घर-घर तक पहुंचाने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया। सदर प्रखंड के शिशो पश्चिम एवं शाहबाजपुर पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर के दौरान पंचायत सरकार भवन का उद्घाटन तथा अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, शिशो पश्चिम का शुभारंभ नगर विधायक सह भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और जिलाधिकारी कौशल कुमार ने संयुक्त रूप से किया।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद धर्मशिला गुप्ता, वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी, जिला बीस सूत्री समिति के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। दीप प्रज्वलित कर शिविर का उद्घाटन किया गया।

विधायक संजय सरावगी ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को सहयोग शिविर आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि मंगलवार को जिले के 36 पंचायतों एवं 12 नगर निकाय क्षेत्रों सहित कुल 48 स्थानों पर शिविर लगाए गए, जहां विभिन्न विभागों से जुड़े आवेदनों का निष्पादन समयबद्ध तरीके से किया जा रहा है।

शिविर के दौरान लाभुकों के बीच मृत्यु प्रमाण पत्र, टीडीएस कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, राशन कार्ड, श्रम कार्ड तथा दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल का वितरण किया गया। वहीं जीविका स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को 5 करोड़ रुपये से अधिक की ऋण राशि के चेक भी प्रदान किए गए।

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि पूर्व में आयोजित सहयोग शिविरों में प्राप्त 70 प्रतिशत से अधिक आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है और शेष मामलों की नियमित समीक्षा की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रशासन जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम का सबसे उल्लेखनीय पहलू शिशो पश्चिम स्थित अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का शुभारंभ रहा। कुछ दिन पूर्व निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वर्षों से उपेक्षित पड़े भवन को चिह्नित किया था। उनके निर्देशन में महज एक सप्ताह के भीतर भवन की साफ-सफाई, रंग-रोगन एवं मरम्मत कर उसे स्वास्थ्य सेवा के लिए तैयार किया गया। अब इस केंद्र के माध्यम से क्षेत्र के लोगों को ओपीडी, दवा वितरण सहित विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।

स्थानीय लोगों एवं जनप्रतिनिधियों ने स्वास्थ्य केंद्र के संचालन की पहल के लिए जिला प्रशासन और जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया।