शहबाजपुर सहयोग शिविर का विधायक संजय सरावगी ने किया शुभारंभ, 30 दिनों में समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा
शहबाजपुर सहयोग शिविर का विधायक संजय सरावगी ने किया शुभारंभ, 30 दिनों में समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा
शहबाजपुर सहयोग शिविर का विधायक संजय सरावगी ने किया शुभारंभ, 30 दिनों में समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
सदर प्रखंड के ग्राम पंचायत राज शहबाजपुर में मंगलवार को आयोजित सहयोग शिविर का शुभारंभ नगर विधायक एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने दीप प्रज्वलित कर किया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
भीषण गर्मी के बावजूद विधायक संजय सरावगी ने घंटों तक धूप में खड़े होकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोग अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन संबंधित काउंटरों पर जमा करें और 30 दिनों के भीतर उनका समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि समयसीमा के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
अपने संबोधन में विधायक ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए विधायक ने प्राप्त आवेदनों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सुबह से ही बड़ी संख्या में ग्रामीण शिविर में पहुंचे और अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन जमा किए। इस दौरान विधायक ने तीन दिव्यांगजनों के बीच ट्राई साइकिल का वितरण किया। साथ ही मनरेगा जॉब कार्ड, राशन कार्ड, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र सहित अन्य लाभार्थीपरक योजनाओं का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने शहबाजपुर में निर्माणाधीन प्लस-टू उच्च विद्यालय का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्य एजेंसी को गुणवत्ता मानकों का पालन करते हुए निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय शुरू होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलेंगी।
सहयोग शिविर में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास समेत विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी, जहां लोगों ने अपने आवेदन प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त हिमांशु कुमार राय, पुलिस उप महानिरीक्षक मनोज कुमार तिवारी, उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में महिला-पुरुष उपस्थित रहे।