कुरियर गोदाम में भूसे के बीच छिपी मिली 505 लीटर विदेशी शराब, 24 घंटे में मास्टरमाइंड समेत तीन गिरफ्तार
दस्तक 7 मीडिया /गुड्डू राज
मद्य निषेध विभाग की टीम ने शराब तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए 505.170 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। शराब को बेहद शातिराना तरीके से कुरियर कंपनी के माध्यम से मंगाया गया था और लकड़ी के बुरादे (भूसे) के बीच छिपाकर रखा गया था। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर मुख्य अभियुक्त सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
मद्य निषेध टीम, दरभंगा द्वारा 31 मई को नियमित गश्ती एवं वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मब्बी थाना क्षेत्र के मधपुर स्थित दिल्ली वेरी लिमिटेड कुरियर कंपनी के गोदाम की तलाशी ली गई। जांच के दौरान हरे रंग के 40 टिन कंटेनरों में लकड़ी के बुरादे के बीच छिपाकर रखी गई विभिन्न ब्रांडों की विदेशी शराब की बोतलें एवं टेट्रा पैक बरामद किए गए। जब्त शराब की कुल मात्रा 505.170 लीटर बताई गई है।
