पोखर में डूबने से 14 वर्षीय किशोर की मौत, भरौल गांव में पसरा मातम

हनुमाननगर, दरभंगा /

विशनपुर थाना क्षेत्र के भरौल पेट्रोल पंप के समीप जेसीबी की खुदाई से बने मटखोनमा पोखर में डूबने से एक 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। मृतक की पहचान भरौल गांव निवासी बउआ साहब यादव के पुत्र मिठ्ठू यादव के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मिठ्ठू यादव मंगलवार की शाम भैंस चराकर घर लौट रहा था। इसी दौरान वह रास्ते में स्थित पोखर पर हाथ-पैर धोने के लिए गया। बताया जाता है कि अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूब गया। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण पोखर के पास जुट गए और रातभर उसकी खोजबीन करते रहे, लेकिन सफलता नहीं मिली। इस संबंध में राजद नेता राम नरेश यादव ने विशनपुर थानाध्यक्ष अरविंद कुमार, अंचल अधिकारी तथा सदर एसडीओ को सूचना दी।

बुधवार की सुबह प्रशासनिक अधिकारियों के घटनास्थल पर पहुंचने से पहले ही स्थानीय गोताखोरों ने काफी प्रयास के बाद किशोर के शव को पोखर से बाहर निकाल लिया। इसके बाद विशनपुर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया।

घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे खतरनाक पोखरों की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।