कर्ज के नाम पर ठगी, जातिसूचक गाली और मारपीट का आरोप, महादलित महिला ने लगाई न्याय की गुहार ,एससी एसटी थाने में मामला दर्ज 

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा 

बहादुरपुर थाना क्षेत्र के डरहार मिश्र टोला निवासी नीलू कुमारी ने एससी-एसटी थाना दरभंगा में आवेदन देकर गांव के ही पवन कुमार चौधरी और काली शंकर चौधरी पर एक लाख रुपये के कर्ज के नाम पर ठगी करने, जातिसूचक गाली देने तथा मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है।जिस आलोक में प्राथमिकी 39/26दर्ज की गई हें।

पीड़िता ने अपने आवेदन में बताया है कि ननद की शादी के लिए एक लाख रुपये कर्ज लेने के उद्देश्य से वह अपनी सास के साथ पवन कुमार चौधरी के पास गई थी। आरोप है कि कर्ज देने के नाम पर पहले उनका बैंक खाता खुलवाया गया और बाद में चेकबुक के कई चेकों पर हस्ताक्षर करा लिए गए। इसके बाद उनके खाते में एक लाख रुपये जमा कर उसी राशि की निकासी भी उनके नाम से कर ली गई, लेकिन उन्हें एक भी रुपये नहीं दिए गए।

महिला का कहना है कि जब पासबुक अपडेट कराने पर उन्हें पूरे मामले की जानकारी हुई और उन्होंने आरोपितों से पैसे की मांग की, तो दोनों ने कथित रूप से जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की। विरोध करने पर उनके साथ, उनकी सास, पति और देवर के साथ मारपीट की गई।

आवेदन में नीलू कुमारी ने आरोप लगाया है कि साजिश के तहत उनके नाम से बैंक खाता खुलवाकर आठ सादे चेकों पर हस्ताक्षर कराए गए और खाते से निकाली गई राशि आरोपितों ने अपने पास रख ली। मामले को लेकर उन्होंने एससी-एसटी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।