डिजिटल पुलिसिंग पर एसएसपी की सख्ती, CCTNS प्रभारियों को दिए कई अहम निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिले के सभी थानों में डिजिटल पुलिसिंग व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से सोमवार को वरीय पुलिस अधीक्षक दरभंगा ने अपने कार्यालय के सभा कक्ष में सभी थाना के CCTNS प्रभारियों के साथ साप्ताहिक समीक्षा बैठक की। बैठक में CCTNS एवं अन्य आईटी आधारित कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

एसएसपी ने निर्देश दिया कि स्टेशन डायरी, प्राथमिकी रिपोर्ट तथा अन्य संबंधित दस्तावेजों की प्रविष्टि CCTNS में वास्तविक समय में की जाए। साथ ही कांडों से जुड़े महत्वपूर्ण वीडियो एवं फोटो को ई-साक्ष्य ऐप पर नियमानुसार अपलोड करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में पुराने मामलों की केस डायरी को वर्षवार CCTNS में अपलोड करने, ई-समन की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने तथा दर्ज प्राथमिकी एवं गिरफ्तारी मेमो को 24 घंटे के भीतर SCRB पोर्टल पर अपलोड करने पर विशेष जोर दिया गया।

एसएसपी ने CriMAC के माध्यम से जीरो एफआईआर को दूसरे राज्यों में भेजने, आरोप पत्र एवं अंतिम प्रपत्र को CCTNS में अपलोड करने तथा गुमशुदा व्यक्तियों की फोटो व विवरण को CCTNS एवं अन्य संबंधित पोर्टलों पर समय पर दर्ज करने का निर्देश दिया।

इसके अलावा सभी थाना प्रभारियों को CriMAC एवं ICJS पोर्टल पर प्रतिदिन लॉगिन कर आवश्यक सर्च करने तथा मिशन वात्सल्य पोर्टल पर गुमशुदा व्यक्तियों से संबंधित प्रविष्टियां समयबद्ध रूप से करने के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान एसएसपी ने कहा कि तकनीक आधारित पुलिसिंग को प्रभावी बनाने के लिए सभी डिजिटल कार्यों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम लोगों को बेहतर और त्वरित पुलिस सेवा उपलब्ध कराई जा सके।