बिरौल में चाकूबाजी की घटना का 12 घंटे में खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार, धारदार हथियार बरामद, भेजा गया जेल

दस्तक 7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

i

 

नगर पंचायत बिरौल के अफजला खेबा टोला में हुई चाकूबाजी की घटना में स्थानीय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को बीते देर रात अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों के निशानदेहि पर इस घटना में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार भी बरामद कर लिया गया है।
मामले का खुलासा करते हुए एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत एक्शन में आ गई थी। जैसे ही कुछ संदिग्धों के नाम सामने आए, थानाध्यक्ष को तुरंत आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष निर्देश दिए गए। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की और वारदात को अंजाम देने वाले दो मुख्य आरोपी और उनकी मदद करने वाले एक सहयोगी समेत कुल तीन लोगों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभम महतो (मुख्य आरोपी), ग्राम बाल्मीकि नगर, जिरात,थाना घनश्यामपुर, प्रितम साह (मुख्य आरोपी), ग्राम नगर पंचायत बिरौल,अफजला खेबा तथा सुजित सहनी (सहयोगी),नगर पंचायत बिरौल, अफजला के रूप में की गई। एसडीपीओ श्री तिवारी ने बताया कि पुलिस पूछताछ में तीनों ने पूरी सच्चाई बयां की है। इधर पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी शुभम महतो और प्रितम साह ने बताया कि रविवार की दोपहर वे सुपौल बाजार-डुमरी ग्रामीण सड़क पर स्थित चूड़ा मिल के सामने एक पेड़ के नीचे बैठे थे। इसी दौरान वहां एक अनजान लड़का आया, जिसे वे पहले से नहीं जानते थे। आरोपियों का दावा है कि उस लड़के ने उन्हें देखते ही बेवजह गाली देना शुरू कर दिया और वहां से भागने को कहा। जब इन लोगों ने इस बात का विरोध किया, तो वह लड़का और ज्यादा उग्र होकर गाली-गलौज करने लगा। इसी बात पर तैश में आकर आरोपी ने उस पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। फिलहाल, पुलिस ने सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।