बिरौल के उछटी में किराना दुकान का गेट खोलकर भीषण चोरी, 1 लाख नगद समेत 5.50 लाख की किराना समान पार

दस्तक 7 मिडिया, बिरौल दरभंगा।

स्थानीय थाना क्षेत्र के उछटी गांव में रविवार की देर रात अज्ञात चोरों ने एक बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया है। चोरों ने उछटी गांव स्थित ‘प्रवीण किराना स्टोर’ को अपना निशाना बनाते हुए दुकान का मुख्य गेट खोलकर भारी मात्रा में नकदी और कीमती सामान उड़ा लिया। पीड़ित दुकानदार प्रवीण कुमार झा, ने इस संबंध में सोमवार को बिरौल थाना अध्यक्ष को लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने की गुहार लगाई है। पुलिस को दिए गये आवेदन के अनुसार, प्रवीण कुमार झा रोज की तरह रविवार, 31 मई 2026 की रात को अपनी दुकान बंद कर सोने चले गए थे। सोमवार सुबह करीब 3:00 बजे जब उनकी नींद खुली, तो उन्होंने देखा कि उनकी दुकान का मुख्य गेट खुला हुआ था। अनहोनी की आशंका के चलते जब वह दुकान के भीतर दाखिल हुए, तो उनके होश उड़ गए। दुकान के अंदर सारा सामान फर्श पर बिखरा पड़ा था और दोनों गल्ले खुले हुए थे। चोरों ने गल्ले में रखे लगभग एक लाख रुपये नगद और दुकान से करीब 4,50,000 रुपये मूल्य के किराना सामानों पर हाथ साफ कर दिया था।
उसके बाद पीड़ित दुकानदार ने आपातकालीन नंबर 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस टीम ने चोरी की घटना की पुष्टि करते हुए पीड़ित को संबंधित स्थानीय थाने में लिखित आवेदन देने की सलाह दी, जिसके बाद पीड़ित ने बिरौल थाने में मामला दर्ज करने का आवेदन दिया। पीड़ित व्यवसायी ने थाने को दिए आवेदन में पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द मामले की जांच-पड़ताल करने और अज्ञात चोरों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करते हुए माल बरामदगी की मांग की है। अपर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि गश्ती दल मौजूद पुलिस पदाधिकारी मुन्नी कुमारी को उछटी गांव में किराना दुकान में हुए चोरी की स्थलीय जांच करने का निर्देश दिया गया है।