मार्च को हुई थी शादी, 25 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध मौत: गले पर कटे के निशान, पिता ने ससुराल पक्ष पर हत्या का लगाया आरोप

दस्तक 7 मिडिया, घनश्यामपुर, दरभंगा।

घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के भदौन गांव स्थित बिनोबा नगर में सोमवार को 25 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान बिनोबा नगर निवासी सीतानंद की पत्नी रेखा देवी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गया है। मृतका के पिता बरगांव निवासी पीताम्बर पासवान ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि उनकी पुत्री की हत्या ससुराल पक्ष के लोगों ने मिलकर की है। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी उन्हें दूसरे गांव के लोगों से मिली। सूचना मिलते ही वे अपनी पुत्री के ससुराल पहुंचे, जहां रेखा देवी का शव घर के बरामदे पर पड़ा मिला। उन्होंने दावा किया कि शव के गले पर कटे का निशान था तथा शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोट के निशान दिखाई दे रहे थे।पीताम्बर पासवान ने आरोप लगाया कि उनकी पुत्री को सास, ससुर एवं परिवार के अन्य सदस्य डंडे से पीटते थे। उनकी आशंका है कि पहले रेखा देवी की हत्या की गई और बाद में साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को रस्सी से बांधकर टांग दिया गया।
परिजनों के अनुसार रेखा देवी की शादी इसी वर्ष 7 मार्च 2025 को हुई थी। शादी के बाद से संतान नहीं होने को लेकर उसे लगातार ताना दिया जाता था तथा मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। पिता का आरोप है कि इसी कारण उसकी हत्या कर दी गई। मृतका के पिता ने यह भी बताया कि रविवार को उनकी पत्नी ललिता देवी से रेखा देवी की फोन पर बातचीत हुई थी। बातचीत के दौरान रेखा ने कहा था कि “मुझे विदागरी करवा दीजिए, यहां मेरे साथ मारपीट की जाती है।” इसके बाद फोन कट गया था।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी, थानाध्यक्ष आलोक कुमार, बीडीओ मिहिर मयंक, सीओ अभिषेक आनंद, एसआई सतीश कुमार एवं अशोक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। एफएसएल टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य संग्रह करने में जुटी रही।
पुलिस ने शव को कब्जा कर पोस्टमार्टम के लिए शव को दरभंगा भेज दिया है। एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का।
घटना के बाद मृतका का पति, जो मध्य प्रदेश में बताया जा रहा है, घर पर नहीं था। वहीं सास दौलत देवी, ससुर रमन पंडित एवं परिवार के अन्य सदस्य घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस मामले की सभी बिंदुओं पर जांच कर रही हें