दरभंगा में ‘स्वच्छ गांव-सुरक्षित जलवायु’ अभियान की शुरुआत, 5 जून तक चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान,

डीडीसी ने की लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान की समीक्षा, पंचायतों को लक्ष्य पूरा करने के निर्देश

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा 

जिले के सभी ग्राम पंचायतों में 1 से 5 जून तक चलने वाले ‘स्वच्छ गांव-सुरक्षित जलवायु’ अभियान का सोमवार को शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में उप विकास आयुक्त स्वप्निल की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित कर लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, बीसी एलएसबीए, पंचायत प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी शामिल हुए। समीक्षा के दौरान महादलित टोलों में शौचालय निर्माण, जियो टैगिंग, लाभुकों को भुगतान, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, ई-रिक्शा व पी-रिक्शा की कार्यशीलता, अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाइयों का निर्माण, सामुदायिक स्वच्छता परिसर (सीएससी) की स्थिति, ओडीएफ प्लस मॉडल गांवों का विकास तथा उपयोगिता प्रमाण पत्र जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई।

उप विकास आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं के लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण के निर्माण के लिए स्वच्छता योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन जरूरी है।

बैठक में बताया गया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार 1 जून से 5 जून तक सभी पंचायतों में स्वच्छता, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण तथा जन-जागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। साथ ही ग्राम सभाओं के माध्यम से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रति लोगों को जागरूक करने और उसके प्रभावी अनुपालन पर विशेष जोर दिया जाएगा।

डीडीसी ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मियों से अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने तथा ग्रामीण समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की, ताकि स्वच्छ, स्वस्थ और सुरक्षित पर्यावरण के लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल किया जा सके।