सहयोग शिविर बना जनसमस्याओं के समाधान का बड़ा मंच, 2660 शिकायतों का हुआ निपटारा; 36 पंचायतों में आज लगेगा शिविर
सहयोग शिविर बना जनसमस्याओं के समाधान का बड़ा मंच, 2660 शिकायतों का हुआ निपटारा; 36 पंचायतों में आज लगेगा शिविर
सहयोग शिविर बना जनसमस्याओं के समाधान का बड़ा मंच, 2660 शिकायतों का हुआ निपटारा; 36 पंचायतों में आज लगेगा शिविर
दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा
जिले में आम लोगों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए आयोजित किए जा रहे “सहयोग शिविर” को जिला प्रशासन ने जनहित की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया है। आगामी 2 जून को जिले की 36 पंचायतों में आयोजित होने वाले सहयोग शिविर की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी कौशल कुमार ने सोमवार को सदर प्रखंड की शिशो पश्चिम पंचायत पहुंचकर स्थल निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने शिविर स्थल पर उपलब्ध कराई जा रही व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर आम जनता की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहा है और अब तक प्राप्त 3764 शिकायतों में से 2660 मामलों का निष्पादन किया जा चुका है, जो 70 प्रतिशत से अधिक है। शेष आवेदनों के समाधान के लिए भी जिला प्रशासन लगातार प्रयासरत है।
जिलाधिकारी ने अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, शिशो पश्चिम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र का रंग-रोगन एवं साफ-सफाई कर शीघ्र शुभारंभ किया जाएगा। यहां आवश्यक दवाओं, एम्बुलेंस और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्था की गई है, जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।
उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया कि शिविर शुरू होने से पहले आवेदन प्राप्त करने के लिए पर्याप्त संख्या में कर्मियों की तैनाती की जाए। साथ ही ऐसे लोगों के लिए अलग काउंटर बनाया जाए जो स्वयं आवेदन लिखने में सक्षम नहीं हैं, ताकि उनकी शिकायतें और आवेदन कर्मियों द्वारा लिखे जा सकें।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त आवेदनों को निर्धारित पोर्टल पर समयबद्ध तरीके से अपलोड किया जाए तथा उनके निष्पादन में पारदर्शिता और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने 15 विभागीय स्टॉलों पर प्राप्त आवेदनों के संधारण के लिए अलग-अलग पंजी रखने का भी निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि शिविर में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो, इसके लिए पेयजल, बैठने की व्यवस्था, शेड, पंखा और अन्य मूलभूत सुविधाएं पहले से उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से समाधान किया जाए।
जिलाधिकारी ने बताया कि 2 जून को जिले की 36 पंचायतों में सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए सभी पंचायतों में वरीय अधिकारियों द्वारा तैयारियों का भौतिक निरीक्षण कर समीक्षा की गई है। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं एवं शिकायतों के समाधान के लिए सहयोग शिविर में पहुंचकर सरकारी सेवाओं का लाभ उठाएं।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता (जिला लोक शिकायत निवारण) राजेश कुमार गुप्ता, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
शराब कारोबारियों के विरुद्ध सिंहवाड़ा पुलिस का अभियान ,घोड़दौड़ में पुलिस की छापेमारी, 43 लीटर देशी शराब के साथ कारोबारी गिरफ्तार
दरभंगा में ‘स्वच्छ गांव-सुरक्षित जलवायु’ अभियान की शुरुआत, 5 जून तक चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान, डीडीसी ने की लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान की समीक्षा, पंचायतों को लक्ष्य पूरा करने के निर्देश