डरहार में 11 जून से गूंजेगा सीताराम नाम, नवाह यज्ञ की तैयारियां तेज

दरभंगा/विधि संवाददाता।

बहादुरपुर प्रखंड के डरहार गांव स्थित शिव मंदिर (बाबा टोल) परिसर में 11 जून से 20 जून 2026 तक आयोजित होने वाले श्रीश्री 1008 सीताराम नाम धुन नवाह यज्ञ की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। यज्ञ के सफल आयोजन को लेकर सोमवार को मंदिर परिसर में समाजसेवी जटाशंकर मिश्रा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 9 जून को ध्वजारोहण किया जाएगा, जबकि 11 जून से 20 जून तक नवाह यज्ञ का आयोजन होगा। इस दौरान अजीत कुमार मिश्र उर्फ गौड़ी शंकर को सर्वसम्मति से यज्ञ समिति का कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया।

आयोजन समिति ने बताया कि नवाह यज्ञ को सफल बनाने के लिए युवाओं को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, भंडारा एवं धार्मिक कार्यक्रमों के सुचारू संचालन को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं।

समिति के अनुसार यज्ञ के दौरान नौ दिनों तक लगातार सीताराम-सीताराम नाम धुन, पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान आयोजित होंगे। आसपास के गांवों के अलावा दूर-दराज क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

बैठक में मनोज कुमार चौधरी, अनिल कुमार मिश्रा उर्फ मुन्ना जी, विष्णुजी मिश्र, सुशील चौधरी, कन्हैया चौधरी, चंदन मिश्रा उर्फ सिंपू, अशोक कुमार मिश्रा, प्रकाश चंद्र मिश्र, शंभू कुमार झा, मंटू चौधरी, रौशन चौधरी, विक्रम भारद्वाज, किशोर चौधरी, राम भरोस चौधरी, चंदन चौधरी, रामबाबू चौधरी, नारायण चौधरी, लक्ष्मण चौधरी, टुन्ना चौधरी समेत दर्जनों श्रद्धालु उपस्थित थे।

9 जून को ध्वजारोहण, 11 से 20 जून तक होगा नवाह यज्ञ

आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धार्मिक अनुष्ठान को सफल बनाने की अपील की है। यज्ञ स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।