औचक निरीक्षण में प्रशासन सख्त, 1 जून को 20 हजार से अधिक गैस सिलेंडर वितरण का लक्ष्य
औचक निरीक्षण में प्रशासन सख्त, 1 जून को 20 हजार से अधिक गैस सिलेंडर वितरण का लक्ष्य
औचक निरीक्षण में प्रशासन सख्त, 1 जून को 20 हजार से अधिक गैस सिलेंडर वितरण का लक्ष्य
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। रविवार को वरीय अधिकारियों ने सात गैस एजेंसियों एवं तीन अन्य स्थानों का औचक निरीक्षण कर आपूर्ति व्यवस्था का जायजा लिया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है और उपभोक्ताओं को अफवाहों पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है।
जिला प्रशासन के अनुसार, 75 गैस एजेंसियों के माध्यम से बुकिंग के अनुरूप गैस सिलेंडरों की आपूर्ति लगातार जारी है। एजेंसियों को निर्देश दिया गया है कि उपभोक्ताओं को निर्धारित दर पर होम डिलीवरी के माध्यम से समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए।
रविवार को जिले में कुल 7,761 एलपीजी गैस सिलेंडरों का वितरण किया गया। इनमें दरभंगा सदर अनुमंडल में 5,333, बेनीपुर में 1,172 तथा बिरौल अनुमंडल में 1,256 सिलेंडर शामिल हैं। वहीं वितरण के बाद भी एजेंसियों के गोदामों में 8,276 सिलेंडर उपलब्ध हैं।
जिला आपूर्ति विभाग के अनुसार, 1 जून को जिले में 20,849 एलपीजी गैस सिलेंडर वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें दरभंगा सदर अनुमंडल में 14,598, बेनीपुर में 1,514 तथा बिरौल में 4,737 सिलेंडरों का वितरण किया जाएगा।
उप निदेशक जनसंपर्क सत्येन्द्र प्रसाद ने कहा कि जिले में पेट्रोलियम पदार्थ एवं एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है। बुकिंग के दो से तीन दिनों के भीतर उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी के माध्यम से गैस उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि शादी-विवाह एवं अन्य आयोजनों के लिए कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति भी सामान्य रूप से जारी है।
जिलाधिकारी कौशल कुमार ने सभी गैस एजेंसियों को पारदर्शी एवं समयबद्ध वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही, मुनाफाखोरी या जमाखोरी पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि किसी भी शिकायत या समस्या की स्थिति में जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06272-245055 पर संपर्क करें। जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि सभी उपभोक्ताओं को नियमानुसार समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा।