हावीडीह में दो छतदार चबूतरों का लोकार्पण, विकास और रोजगार पर सरकार का फोकस : विधायक विनय चौधरी

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा 

बहेरी विधानसभा क्षेत्र के हावीडीह मध्य पंचायत में शनिवार को विधायक प्रो. विनय कुमार चौधरी ने मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना के तहत निर्मित दो छतदार चबूतरों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार बिहार के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और आने वाले वर्षों में उद्योग, रोजगार तथा आधारभूत संरचना के विस्तार पर विशेष जोर दिया जाएगा।

विधायक ने कहा कि पिछले कार्यकाल में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और सिंचाई जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने का कार्य किया गया है। अब राज्य में युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने तथा बंद पड़े उद्योगों को पुनर्जीवित करने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। इसके साथ ही नए उद्योगों की स्थापना के लिए भी सरकार लगातार प्रयासरत है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बिलट महथा आदर्श महाविद्यालय, बहेरी तथा डिग्री महाविद्यालय, लक्ष्मणपुर में आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाया जा रहा है। शिक्षकों की कमी दूर करने के साथ पुस्तकालय और प्रयोगशालाओं को भी सशक्त किया जा रहा है। वहीं स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को उन्नत कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनाया गया है, जहां चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की गई है।

सड़क निर्माण कार्यों का उल्लेख करते हुए विधायक ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में अधिकांश प्रमुख सड़कों का निर्माण एवं दोहरीकरण पूरा हो चुका है। बेनीपुर-बिशनपुर एवं नारबांध-मृत्युजापुर सड़क का निर्माण कार्य भी शीघ्र शुरू किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान प्रो. चौधरी ने हावीडीह मध्य पंचायत स्थित चौधरी बाबा स्थान में निर्मित छतदार चबूतरा तथा धोबियाही पोखर के भिंडा पर बने नए चबूतरे का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र की लंबे समय से लंबित मांग थी, जिसे पूरा किया गया है। भविष्य में भी जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास जारी रहेगा।

कार्यक्रम में युवा जदयू जिलाध्यक्ष रामशंकर सिंह, गजेन्द्र प्रसाद सिंह, फूलकुमारी देवी, लक्ष्मण ठाकुर, रामशंकर मंडल, मनीष कुमार, संतोष साह, सुनील सिंह, बेचन सिंह, वशिष्ठ झा, समदर्शी कामती, राम पुनीत सिंह, संजय मंडल, मनचुन पासवान, प्रदीप झा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।