जहरीली शराब से मौत की खबर निकली भ्रामक, पुलिस जांच में सामने आई सच्चाई

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के भरुल्ली गांव में युवक की कथित जहरीली शराब पीने से मौत की सोशल मीडिया पर वायरल खबर को पुलिस जांच में भ्रामक पाया गया है। दरभंगा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रारंभिक जांच में शराब सेवन से मौत की पुष्टि नहीं हुई है और मामले में सोशल मीडिया पर फैलाई गई भ्रामक सूचना की जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार भरुल्ली निवासी 27 वर्षीय ध्यानी मंडल की मौत को लेकर सोशल मीडिया पर जहरीली शराब पीने से मृत्यु होने की खबर प्रसारित की गई थी। खबर की सत्यता की जांच के लिए सिंहवाड़ा थाना पुलिस, सदर-2 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तथा मद्यनिषेध विभाग के पुलिस उपाधीक्षक दल-बल के साथ मृतक के घर पहुंचे।

जांच के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों, मृतक की मां सुकुमारी देवी, परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की गई। सभी ने बताया कि ध्यानी मंडल को देर रात अचानक पेट में दर्द हुआ था। परिजन पहले इसे स्थानीय मान्यता के अनुसार “चोरनी पकड़ना” समझकर झाड़-फूंक के लिए ले गए, लेकिन वहां से डॉक्टर को दिखाने की सलाह मिलने पर उसे सिंहवाड़ा अस्पताल ले जाया जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि पूछताछ में परिजनों और ग्रामीणों ने साफ तौर पर कहा कि मृतक ने शराब का सेवन नहीं किया था। प्रशासन ने मौत के कारणों की पुष्टि के लिए पोस्टमार्टम कराने का आग्रह किया, लेकिन परिजनों ने बीमारी (पेट दर्द) के कारण मृत्यु होने की बात कहते हुए पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।

मृतक की मां मोसमात सुकुमारी देवी ने सिंहवाड़ा थाना में लिखित आवेदन देकर हिंदू रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार की अनुमति मांगी तथा किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई या प्राथमिकी दर्ज नहीं करने का अनुरोध किया। आवेदन पर परिजनों, रिश्तेदारों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के हस्ताक्षर भी मौजूद हैं।

दरभंगा पुलिस ने कहा है कि मृतक की मौत शराब पीने से नहीं होने की बात परिजनों और स्थानीय लोगों द्वारा बताई गई है। वहीं, बिना सत्यापन के सोशल मीडिया पर भ्रामक खबर प्रसारित करने वालों की पहचान की जा रही है। मामले में विधिसम्मत कार्रवाई जारी है।