11 बजे तक बंद रहा सीडीपीओ कार्यालय, मुख्य द्वार पर लटका मिला ताला,

मोबाइल बंद होने से सीडीपीओ से नहीं हो सका संपर्क, डीपीओ ने भी नहीं उठाया फोन; कर्मचारी रहे नदारद

दस्तक 7 मिडिया, घनश्यामपुर।

प्रखंड मुख्यालय स्थित बाल विकास परियोजना कार्यालय शनिवार को सुबह 11 बजे तक बंद पाया गया। कार्यालय के मुख्य द्वार पर ताला लटका होने के कारण विभिन्न कार्यों से पहुंचे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कार्यालय परिसर में कोई कर्मचारी भी मौजूद नहीं था, जिससे लोगों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। बीस सूत्री अध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि निर्धारित कार्यालय समय बीत जाने के बावजूद कार्यालय नहीं खुला था। इसके कारण आंगनबाड़ी सेवाओं, पोषण योजनाओं एवं अन्य विभागीय कार्यों से संबंधित जानकारी लेने और जरूरी काम कराने पहुंचे लोगों को निराश लौटना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पहली बार नहीं है। पूर्व में भी कार्यालय के समय पर नहीं खुलने की शिकायत सामने आ चुकी है। उस समय मामले को लेकर समाचार प्रकाशित होने के बाद जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ) द्वारा तत्कालीन स्थिति पर संज्ञान लेते हुए सीडीपीओ से स्पष्टीकरण मांगा गया था। इसके बावजूद कार्यालय संचालन व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं दिख रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि कई आंगनबाड़ी केंद्र भी समय पर संचालित नहीं होते हैं। मामले की जानकारी लेने के लिए बाल सीडीपीओ सुधीर साहू से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल फोन बंद मिला। इसके कारण कार्यालय बंद रहने के संबंध में उनका पक्ष नहीं मिल सका। वहीं, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ) चांदनी कुमारी से भी फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। ऐसे में विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी।कार्यालय समय में कार्यालय बंद रहने और कर्मचारियों के अनुपस्थित पाए जाने की घटना दिनभर क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही। स्थानीय लोगों ने विभागीय अधिकारियों से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।