हाईवे पर अब नहीं चलेगी मनमानी: अवैध पार्किंग और अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन का बड़ा अभियान

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

राष्ट्रीय राजमार्गों पर बढ़ती अव्यवस्था, सड़क दुर्घटनाओं और यातायात बाधाओं को देखते हुए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाने का निर्णय लिया है। शनिवार को जिलाधिकारी कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में हाईवे सुरक्षा, अवैध अतिक्रमण और अनधिकृत पार्किंग को लेकर व्यापक रणनीति बनाई गई।

माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के आलोक में हुई बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों को सुरक्षित और अतिक्रमण मुक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), जिला परिवहन पदाधिकारी और एनएचएआई के अभियंताओं को संयुक्त रूप से हाईवे का सर्वेक्षण कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण और सड़क पर खड़े वाहनों को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाने का फैसला लिया गया। सिमरी, मब्बी, भालपट्टी, मनीगाछी और सदर थाना क्षेत्रों के थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्र में सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

डीएम ने कहा कि हाईवे पर अनधिकृत रूप से खड़े ट्रकों और भारी वाहनों के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे वाहनों को तत्काल हटाने और भविष्य में दोबारा ऐसी स्थिति नहीं बनने देने के लिए नियमित निगरानी की व्यवस्था की जाएगी।

बैठक में जिला हाईवे सुरक्षा टास्क फोर्स के सभी सदस्यों को राष्ट्रीय राजमार्गों को अवैध पार्किंग, अतिक्रमण और अनधिकृत निर्माण से मुक्त रखने के लिए लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), सदर एसडीओ, सदर एसडीपीओ, संबंधित थानाध्यक्ष एवं एनएचएआई के अधिकारी उपस्थित थे।