लंबित वारंट और ई-समन पर SSP सख्त, अभियोजन प्रभारियों की समीक्षा बैठक में दिए कड़े निर्देश

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा/

जिले में लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और न्यायिक प्रक्रियाओं को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) दरभंगा ने शनिवार को अपने कार्यालय कक्ष में सभी थानों के अभियोजन प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

बैठक के दौरान लंबित ई-समन, बीडब्ल्यू (BW), एनबीडब्ल्यू (NBW), कुर्की, इश्तिहार तथा कांड दैनिकी पंजी के संधारण की विस्तृत समीक्षा की गई। एसएसपी ने अभियोजन प्रभारियों के कार्यों, दायित्वों और अनुसंधान की गुणवत्ता का आकलन करते हुए लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर विशेष जोर दिया।

समीक्षा के क्रम में मोरो थाना के अभियोजन प्रभारी द्वारा ई-समन आवंटित नहीं किए जाने को गंभीरता से लेते हुए उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया। वहीं बहेड़ी थाना के अभियोजन प्रभारी को ई-समन के निष्पादन में लापरवाही बरतने पर चेतावनी दी गई।

बैठक में एसएसपी ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अनुसंधान कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए तथा न्यायालय से संबंधित प्रक्रियाओं में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जाए। उन्होंने लंबित वारंटों और समनों के निष्पादन में तेजी लाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए।

एसएसपी ने स्पष्ट किया कि अभियोजन कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता एवं जवाबदेही के साथ करना होगा।