2 जून को नगर निकायों में लगेगा ‘सहयोग शिविर’, 30 दिनों में होगा शिकायतों का समाधान
2 जून को नगर निकायों में लगेगा ‘सहयोग शिविर’, 30 दिनों में होगा शिकायतों का समाधान
2 जून को नगर निकायों में लगेगा ‘सहयोग शिविर’, 30 दिनों में होगा शिकायतों का समाधान
दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा
जिले के नगर निकाय क्षेत्रों में आम लोगों की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए 2 जून को 12 वार्डों में “सहयोग शिविर” आयोजित किए जाएंगे। जिला प्रशासन ने शिविरों के सफल आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। शिविरों में प्राप्त शिकायतों का निष्पादन 30 दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा।
जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि बिहार सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को नगर निकाय क्षेत्रों में सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं को स्थानीय स्तर पर सुनना और उनका समयबद्ध समाधान करना है।
उन्होंने कहा कि शिविर स्थल पर ही आवेदनों की ऑनलाइन प्रविष्टि की जाएगी तथा आवेदकों को पावती भी उपलब्ध कराई जाएगी। सभी विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों को दी जाएगी। शिकायतों का 30 दिनों के भीतर निष्पादन नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
दरभंगा नगर निगम के वार्ड संख्या-01 स्थित मध्य विद्यालय, अलीनगर में उप नगर आयुक्त डॉ. जयचंद्र अकेला की अध्यक्षता में तथा वार्ड संख्या-48 स्थित राजकीय मध्य विद्यालय, पंडासराय में सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी शांति रमन की अध्यक्षता में शिविर आयोजित होगा। इसके अलावा बेनीपुर, जाले, कुशेश्वरस्थान पूर्वी, बहेड़ी, घनश्यामपुर, भरवाड़ा, सिंहवाड़ा, बिरौल, कमतौल-अहियारी और हायाघाट नगर निकाय क्षेत्रों के चयनित वार्डों में भी सहयोग शिविर लगाए जाएंगे।
जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे 2 जून को सुबह 9 बजे से आयोजित होने वाले इन शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याएं दर्ज कराएं और सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें। सहयोग शिविर से संबंधित जानकारी के लिए हेल्पलाइन 1100 पर संपर्क किया जा सकता है, जबकि ऑनलाइन आवेदन सहयोग पोर्टल पर दर्ज किया जा सकता है।
प्रशासन ने सभी संबंधित थानाध्यक्षों को शिविरों में उपस्थित रहकर विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा नगर निकाय अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया है। जिला प्रशासन का दावा है कि इस पहल से आम जनता की शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनेगी।
बैंकिंग सेवाओं के विस्तार पर जोर, ग्रामीण क्षेत्रों में खुलेंगी नई बैंक शाखाएं,डीएलसीसी बैठक में वार्षिक साख योजना, कृषि ऋण, पीएमईजीपी, पीएमएफएमई और स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति की समीक्षा
लंबित वारंट और ई-समन पर SSP सख्त, अभियोजन प्रभारियों की समीक्षा बैठक में दिए कड़े निर्देश