कमतौल अंचल पुलिस कार्यालय में एसएसपी का औचक निरीक्षण , अभिलेखों में मिली लापरवाही पर मांगा स्पष्टीकरण

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा 

दरभंगा के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने शुक्रवार को कमतौल अंचल पुलिस निरीक्षक कार्यालय का औचक निरीक्षण कर अभिलेखों और प्रशासनिक कार्यों की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान विभिन्न महत्वपूर्ण पंजियों और संचिकाओं की बारीकी से जांच की गई, जिसमें कई अभिलेख अद्यतन नहीं पाए गए।

एसएसपी ने निरीक्षण के क्रम में दागी पंजी, अपराध पंजी, गुंडा पंजी, प्राप्ति एवं निर्गत पंजी, तख्ती पंजी, इंडेक्स पंजी, गिरोह पंजी, लूट पंजी, डकैती पंजी, गृहभेदन पंजी, थानावार खतियान भाग-1 सहित पर्यवेक्षण हेतु लंबित कांडों की संचिकाएं, प्रगति प्रतिवेदन एवं अंतिम आदेश से संबंधित अभिलेखों की जांच की।

जांच के दौरान कई पंजियों के अद्यतन नहीं रहने पर एसएसपी ने नाराजगी जताई। इस संबंध में अंचल पुलिस निरीक्षक, कमतौल तथा संबंधित कार्यालय कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। साथ ही सभी अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यतन रखने के लिए कड़ी हिदायत दी गई।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने कार्यालय के कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर बल देते हुए अन्य प्रशासनिक बिंदुओं पर भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। पुलिस अधिकारियों को अभिलेख संधारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की चेतावनी दी गई।