कुशेश्वरस्थान बाजार एवं आसपास के गांवों में सांडों का आतंक, राहगीरों और दुकानदारों की बढ़ी परेशानी।

दस्तक 7 मीडिया, प्रशांत कुमार, कुशेश्वरस्थान।

कुशेश्वरस्थान प्रखंड मुख्यालय स्थित कुशेश्वरस्थान बाजार तथा आसपास के गांवों में इन दिनों आवारा सांडों का आतंक लोगों के लिए बड़ी समस्या बन गया है। बाजार के प्रमुख स्थानों सब्जी चौक, अम्बेडकर चौक और पुरानी दुर्गा मंदिर के आसपास सांडों के झुंड अक्सर सड़क पर कब्जा जमाए रहते हैं, जिससे आम लोगों, दुकानदारों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार दर्जनों की संख्या में सांड दिनभर बाजार की मुख्य सड़कों पर घूमते रहते हैं। कई बार ये सांड आपस में लड़ने लगते हैं, जिससे आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो जाती है। राहगीरों का कहना है कि इन सांडों द्वारा कई लोगों पर हमला भी किया जा चुका है, जिससे कुछ लोग घायल भी हुए हैं।
सब्जी चौक और अम्बेडकर चौक जैसे व्यस्त इलाकों में सांडों का झुंड सड़क के बीचों-बीच बैठ जाता है, जिसके कारण पैदल चलने वालों के साथ-साथ दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी आवागमन में कठिनाई होती है। पुरानी दुर्गा मंदिर के आसपास भी यही स्थिति बनी रहती है। खासकर सुबह और शाम के समय बाजार में भीड़ अधिक होने के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
दुकानदारों का कहना है कि सांड कई बार दुकानों के सामने रखी सब्जियों और अन्य सामानों को नुकसान पहुंचा देते हैं। वहीं महिलाएं, बुजुर्ग और स्कूली बच्चे इन सांडों की वजह से सबसे अधिक भयभीत रहते हैं। लोगों का कहना है कि बाजार में निकलते समय हमेशा इस बात का डर बना रहता है कि कहीं कोई सांड अचानक हमला न कर दे।
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाया गया तो किसी दिन कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
स्थानीय बाजार के लोगों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में बढ़ती इस समस्या पर प्रशासन को गंभीरता से ध्यान देना चाहिए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके और बाजार में सुरक्षित वातावरण बहाल हो सके।