01 जून को जिलेभर में चलेगा फार्मर रजिस्ट्रेशन महाअभियान,

हर कर्मी को कम-से-कम 20 किसानों का रजिस्ट्रेशन कराने का डीएम ने दिया निर्देश

दस्तक 7मीडिया /

जिले में आगामी 01 जून को आयोजित होने वाले फार्मर रजिस्ट्रेशन महाअभियान को सफल बनाने को लेकर जिलाधिकारी कौशल कुमार ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने अभियान की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि फार्मर रजिस्ट्रेशन आईडी किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक कर्मी कम-से-कम 20 किसानों का फार्मर रजिस्ट्रेशन आईडी बनाना सुनिश्चित करें, ताकि अधिकाधिक किसानों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।

डीएम ने अंचलाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, किसान सलाहकार एवं राजस्व कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी क्षेत्र में सक्रिय रहकर किसानों को जागरूक करें तथा रजिस्ट्रेशन कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान जनगणना कार्य एवं सहयोग शिविर की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को लंबित कार्यों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

दरभंगा एनआईसी से आयोजित बैठक में नगर आयुक्त राकेश कुमार गुप्ता, उप विकास आयुक्त स्वप्निल, अपर समाहर्ता राजस्व मनोज कुमार, अपर समाहर्ता विभागीय जांच राकेश कुमार, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन सलीम अख्तर, जिला कृषि पदाधिकारी डॉ. सिद्धार्थ सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।