आम के छिलके को लेकर हुआ विवाद, मारपीट में जख्मी 18 वर्षीय युवती की पटना में मौत

दस्तक 7 मिडिया, बिरौल दरभंगा।

थाना क्षेत्र के नेउरी नवटोलिया गांव से एक बेहद संवेदनशील और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ महज आम के छिलके को लेकर दो पक्षों के बीच उत्पन्न मामूली विवाद ने इतना तूल पकड़ लिया कि एक 18 वर्षीय युवती को अपनी जान गंवानी पड़ी। मृतका की पहचान नेउरी नवटोलिया निवासी बेबी कुमारी (18 वर्ष) के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, गत 27 मई (बुधवार) को गांव में आम के छिलके को लेकर दो पक्षों के बीच अचानक कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे और मारपीट शुरू हो गई। इस हिंसक झड़प के दौरान 18 वर्षीय बेबी कुमारी गंभीर रूप से जख्मी हो गई।
घटना के तुरंत बाद गंभीर रूप से घायल बेबी कुमारी को स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया था। जहां जिंदगी और मौत से जूझते हुए, आखिरकार गुरुवार (28 मई) की शाम करीब 5:00 बजे इलाज के क्रम में उसने दम तोड़ दिया। युवती की मौत के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है।
घटना की सूचना मिलते ही बिरौल थाना पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है।मामले की पुष्टि करते हुए बिरौल थानाध्यक्ष चन्द्र मणी ने बताया कि आम के छिलके को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी, जिसमें जख्मी युवती की मौत इलाज के दौरान हो गई है। इस संदर्भ में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुशबू देवी (पति अजय कुमार सहनी) के बयान पर 27 मई को ही एफआईआर दर्ज कर ली है।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घटना में शामिल नामजद अभियुक्तों के खिलाफ शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। थानाध्यक्ष चंद्रमनी ने बताया कि आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। कानून हाथ में लेने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।