बिरौल उप प्रमुख अविश्वास प्रस्ताव बैठक पर रोक से भड़के पंचायत समिति सदस्य, बीडीओ दफ्तर में काटा बवाल

दस्तक 7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

8

उच्च न्यायालय के आदेश और जिलाधिकारी के निर्देश पर बिरौल उप प्रमुख के विरुद्ध होने वाली अविश्वास प्रस्ताव की बैठक पर रोक लगा दी गई है। शुक्रवार, 29 मई को निर्धारित इस बैठक के स्थगित होने की खबर मिलते ही पंचायत समिति सदस्यों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लगभग 27 पंचायत समिति सदस्य प्रखंड कार्यालय पहुंचे और बीडीओ के खिलाफ आक्रोश जताते हुए उनके दफ्तर में घुस गए। पंचायत समिति सदस्य मुकेश चौधरी, बिहारी ठाकुर, राजू चौधरी और रुकसना प्रवीण के नेतृत्व में दर्जनों सदस्यों ने बीडीओ प्रदीप कुमार झा के कक्ष में जाकर बैठक स्थगित करने के कारणों पर कड़ी आपत्ति जताई। सदस्यों ने बीडीओ पर कई तरह के गंभीर आरोप भी लगाए। मामले को शांत कराने के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रदीप कुमार झा ने सदस्यों को बताया कि यह निर्णय प्रशासनिक स्तर पर मनमाना नहीं है। माननीय उच्च न्यायालय और जिलाधिकारी से प्राप्त आधिकारिक संदर्भ और आदेश के आलोक में ही 29 मई की इस बैठक पर रोक लगाई गई है। सदस्यों ने प्रमुख मुख्खी देवी से भेंट कर उप प्रमुख अपर्णा कुमारी के विरुद्ध फिर से अविश्वास प्रस्ताव लगाने से संबंधित आवेदन सौंपा। उसके बाद सभी सदस्यों में से दो प्रमुख प्रतिनिधियों ने अनुमंडल पदाधिकारी से भेंट कर स्थिति से अवगत कराया।
एसडीओ शशांक राज ने कोर्ट के आदेश की बारीकियों और प्रशासनिक बाध्यताओं को समझा-बुझाकर आक्रोशित सदस्यों को शांत कराया। इधर
प्रशासनिक कार्रवाई से असंतुष्ट और नेतृत्व कर रहे पंसस मुकेश चौधरी और बिहारी ठाकुर ने कहा कि वे इस रोक के खिलाफ चुप नहीं बैठेंगे। उन्होंने मीडिया को बताया कि उप प्रमुख अपर्णा कुमारी के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव की बैठक को रोकने के इस फैसले के खिलाफ वे सभी सदस्य एकजुट होकर जल्द ही उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे और न्याय की गुहार लगाएंगे।