समस्तीपुर में अपराधियों का तांडव जारी, युवक की गोली मारकर हत्या से सनसनी

दस्तक 7 मीडिया ,समस्तीपुर/

जिले में अपराधियों का तांडव लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे लोगों में आक्रोश और दहशत का माहौल है। ताजा मामला मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दादपुर चकनूर गांव का है, जहां बेखौफ अपराधी ने एक युवक को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। सुबह-सुबह हुई इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

बताया जाता है कि आपसी विवाद को लेकर चचेरे भाई ने घर के दरवाजे पर बैठे युवक को गोली मार दी। गोली लगते ही युवक गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में घायल को इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान सूरज कुमार के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि सूरज कोलकाता में रहकर मजदूरी करता था और दो दिन पहले ही गांव लौटा था। परिजनों का आरोप है कि आरोपी अपराधी प्रवृत्ति का व्यक्ति है और पूर्व में भी जेल चुका है।

इधर घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है। परिजन आरोपी की गिरफ्तारी तक पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर रहे हैं और जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

वहीं पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।