पुलिस केन्द्र लहेरियासराय में रैतिक परेड आयोजित, फिटनेस और अनुशासन पर जोर

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

पुलिस केन्द्र लहेरियासराय (दरभंगा) में शुक्रवार को वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में रैतिक परेड का आयोजन किया गया। परेड के दौरान पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित) सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। इस अवसर पर नगर पुलिस अधीक्षक, दरभंगा ने परेड ग्राउंड का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

रैतिक परेड का मुख्य उद्देश्य पुलिसकर्मियों की शारीरिक एवं मानसिक फिटनेस, अनुशासन तथा एकरूपता को बनाए रखना बताया गया। परेड के दौरान जवानों को दौड़ एवं ड्रिल कराई गई, जिससे उनकी कार्यक्षमता और फिटनेस को बेहतर बनाया जा सके। वहीं टोलीवार ड्रिल के माध्यम से अनुशासन एवं समन्वय पर विशेष बल दिया गया।

निरीक्षण के क्रम में पुलिसकर्मियों के टर्नआउट की भी जांच की गई। वर्दी की स्वच्छता, अनुशासन और प्रस्तुति को लेकर अधिकारियों ने आवश्यक निर्देश दिए।

इसके अलावा पुलिस केन्द्र दरभंगा में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षु सिपाहियों के मानसिक, शारीरिक एवं आत्मविकास के लिए योग प्रशिक्षण भी कराया जा रहा है। अधिकारियों ने इसे तनावमुक्त और स्वस्थ पुलिस बल के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस केन्द्र की विभिन्न शाखाओं एवं बैरकों की साफ-सफाई का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने स्वच्छता एवं व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाए रखने के निर्देश संबंधित कर्मियों को दिए।