उप प्रमुख की कुर्सी को लेकर फैसला 29 को, अविश्वास प्रस्ताव को लेकर सरगर्मी तेज

दस्तक 7 मिडिया, बिरौल दरभंगा।

प्रखंड मुख्यालय में राजनीतिक उठापटक का शिलशिला जारी है। बिरौल प्रखंड उप प्रमुख अर्पणा कुमारी की कुर्सी बचेगी या जाएगी, इसका फैसला आज (शुक्रवार) दिन के 11:30 बजे पंचायत समिति की विशेष बैठक में होने वाले मत विभाजन (वोटिंग) से हो जाएगा। पिछले 15 दिनों से जारी सियासी शह-मात का खेल अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है। बागी खेमे की कमान जहां पूर्व उप प्रमुख मुकेश कुमार चौधरी के हाथों में है, वहीं अपनी कुर्सी बचाने के लिए उप प्रमुख अर्पणा कुमारी ने खुद मोर्चा संभाल रखा है। बीडीओ प्रदीप कुमार झा के मुताबिक, इस सियासी संकट की शुरुआत बीती 14 मई को हुई थी। तब करीब एक दर्जन निर्वाचित पंचायत समिति सदस्यों ने प्रखंड प्रमुख को आवेदन सौंपकर उप प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की मांग की थी। जानकर सूत्रों के अनुसार अविश्वास प्रस्ताव का मतदान रोकने के लिए उप प्रमुख के समर्थक उच्च न्यायालय के शरण में गये हैं। जिस कारण अविश्वास प्रस्ताव को लेकर होने वाले बैठक पर रोक लगने की संभावना है। हालांकि इसकी प्रशासनिक स्तर पर पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। बिरौल में उप प्रमुख की कुर्सी को लेकर सियासी घमासान इस कदर हावी है कि सदस्यों में टूट की आशंका को देखते हुए दोनों खेमों ने उन्हें पिछले कई दिनों से गुप्त और अलग-अलग स्थानों पर ठहरा रखा है।