दरभंगा एलिवेटेड प्रोजेक्ट और आरओबी निर्माण कार्यों का डीएम ने लिया जायजा,

निर्माण में तेजी और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा

दरभंगा एलिवेटेड प्रोजेक्ट के तहत गुरुवार को जिलाधिकारी कौशल कुमार ने कर्पूरी चौक से अल्लपट्टी तक प्रस्तावित एलाइनमेंट का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, यातायात व्यवस्था तथा उपयोगिताओं के शिफ्टिंग कार्यों की विस्तार से समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने बीएसआरडीसीएल के अभियंताओं को निर्देश दिया कि प्रस्तावित एलाइनमेंट के दायरे में आने वाली सरकारी दुकानों एवं अन्य अतिक्रमणों की सूची शीघ्र उपलब्ध करायी जाए, ताकि समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने पाइलिंग कार्य शुरू करने से पहले विद्युत उपयोगिताओं को शिफ्ट करने तथा उचित डायवर्जन निर्माण कराने का निर्देश दिया, जिससे निर्माण कार्य के दौरान आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

इसके बाद जिलाधिकारी ने दोनार आरओबी 25 एसपीएल स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिया कि सर्विस रोड को जल्द मोटरेबल बनाया जाए, ताकि एलसी 25 एसपीएल के बहेड़ा साइड की ओर दो-तरफा यातायात शीघ्र शुरू कराया जा सके।

निरीक्षण के क्रम में डीएम ने दिल्ली मोड़ आरओबी निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिया कि दिल्ली मोड़ की ओर पुराने पुल के दोनों तरफ निर्मित एप्रोच में पीक्यूसी कार्य 15 जून तक पूरा कर आवागमन शुरू कराया जाए। साथ ही पुराने पुल को तोड़कर आगे का निर्माण कार्य तेजी से शुरू

करने का निर्देश दिया।

बेला मोड़ में चल रहे नाला निर्माण, पीक्यूसी एवं आरीवाल कार्यों को भी शीघ्र पूरा कराने का निर्देश जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को दिया।

स्थलीय निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों के कारण आमजन को किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होनी चाहिए। धूल से बचाव के लिए नियमित रूप से सड़कों पर पानी का छिड़काव कराने तथा पिलरों के दोनों तरफ मोटरेबल रोड बनाने का निर्देश दिया गया।

परियोजना अभियंता पुल निर्माण ने बताया कि रेलवे पोर्शन का निरूपण रेलवे द्वारा 26 मई को अनुमोदित कर दिया गया है और आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

जिलाधिकारी ने सभी कार्य एजेंसियों को गुणवत्ता के साथ तेजी से कार्य करने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर निर्माण पूरा करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान सदर अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार सहित संबंधित अभियंता एवं कार्य एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद थे।