बिरौल में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 80 लीटर देसी शराब के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, दो बाइक जब्त

दस्तक 7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

स्थानीय पुलिस ने शराब तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर 80 लीटर देसी शराब के साथ तीन अंतर-जिला तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में तस्करी के लिए इस्तेमाल की जा रही दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की गई हैं।
थानाध्यक्ष चंद्रमणि ने बताया कि पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि सीमावर्ती इलाकों से बड़े पैमाने पर शराब की खेप बिरौल क्षेत्र में सप्लाई की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार और एसआई शशि भूषण रजक के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया और संदिग्ध ठिकानों पर निगरानी बढ़ा दी गई।
पुलिस की मुस्तैदी के कारण दोनों ठिकानों पर तस्करों को घेर लिया गया। सुपौल बाजार (पासी टोला) में पुलिस टीम को देखते ही एक तस्कर ने भागने की कोशिश की। जवानों ने पीछा कर उसे दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसकी बाइक से 40 लीटर देसी शराब बरामद हुई। पकड़े गए आरोपी की पहचान राजेंद्र मुखिया के रूप में हुई है। कोठी पुल के निकट पुलिस ने यहां घेराबंदी कर गणेश मुखिया को 40 लीटर देसी शराब और एक मोटरसाइकिल के साथ रंगे हाथ दबोचा। मौके से उसके एक अन्य साथी प्रकाश मुखिया को भी गिरफ्तार किया गया।
पकड़े गए तीनों तस्कर आपस में जुड़े हैं और मिसी गांव थाना कुशेश्वरस्थान के रहने वाले है।
थानाध्यक्ष चंद्रमणि ने बताया कि इस मामले में बिहार उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। कार्रवाई के दौरान एक चौथा तस्कर मौका पाकर भागने में सफल रहा। पुलिस ने उसकी पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। क्षेत्र में शराब माफियाओं के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।