अनुसंधान मे लापरवाही और अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी :विकास वैभव,मगध रेंज के आईजी ने  जहानाबाद साइबर थाना के इंस्पेक्टर को किया  निलंबित

दस्तक 7मीडिया ,पटना/जहानाबाद /

मगध रेंज के आईजी विकास वैभव ने अनुसंधान में लापरवाही को लेकर बड़ी कार्रवाई करते हुए जहानाबाद साइबर थाना में पदस्थापित इंस्पेक्टर पंकज कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार टेहटा थाना कांड संख्या 321/25 की समीक्षा के दौरान जांच प्रक्रिया में कई गंभीर खामियां उजागर हुईं। समीक्षा में पाया गया कि मामले में गिरफ्तार आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ नहीं की गई, जिससे अनुसंधान प्रभावित हुआ। वहीं फरार आरोपियों के खिलाफ न्यायालय से वारंट प्राप्त करने के लिए समय पर अधियाचना भी दाखिल नहीं की गई।

आईजी कार्यालय की जांच में यह भी सामने आया कि अनुसंधान की प्रगति और रिमांड से जुड़े प्रयासों का उल्लेख स्टेशन डायरी में विधिवत दर्ज नहीं किया गया था। इसे अनुसंधान में शिथिलता और अनुशासनहीनता माना गया।

मामले की समीक्षा के बाद जहानाबाद एसपी सुशील कुमार ने अपने प्रतिवेदन में इंस्पेक्टर पंकज कुमार पर लापरवाही, उदासीनता और कर्तव्य में शिथिलता का आरोप लगाते हुए निलंबन तथा विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा की थी। इसके आधार पर आईजी विकास वैभव ने तत्काल निलंबन का आदेश जारी कर दिया।

समीक्षा में यह भी पाया गया कि जांच में बरती गई लापरवाही के कारण गंभीर लूट एवं डकैती मामलों के आरोपियों को न्यायालय से राहत मिलने की स्थिति बनी। इससे पुलिस अनुसंधान की कार्यशैली पर भी सवाल उठे हैं।

आईजी श्री वैभव ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अनुसंधान में लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निलंबन अवधि के दौरान संबंधित अधिकारी को नियमानुसार सामान्य जीवन भत्ता दिया जाएगा, जबकि विभागीय कार्रवाई अलग से संचालित की जाएगी।