गायघाट में आंधी-बारिश का कहर ,

बिजली व्यवस्था ठप, लोग परेशान

दीपक कुमार/ गायघाट

जिले में मंगलवार देर रात आई तेज आंधी और बारिश ने बिजली व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया।

तेज हवा के कारण कई इलाकों में बिजली के पोल गिर गए, जबकि पेड़ों की बड़ी डालियां टूटकर बिजली तारों और पोल पर गिर पड़ीं। इससे शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक कई जगहों पर बिजली आपूर्ति ठप हो गई।

कई इलाकों में रातभर बिजली गुल बेनीबाद और गायघाट थाना क्षेत्र के इलाके में रात से ही बिजली आपूर्ति बाधित रही। वहीं , बरूआरी, कटरा और गायघाट समेत कई ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों को अंधेरे में रात गुजारनी पड़ी।

बिजली नहीं रहने से लोगों को पेयजल संकट और मोबाइल चार्जिंग जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ा। उमस भरी गर्मी के बीच बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी।

तेज हवा से क्षतिग्रस्त हुए पोल और तार
जानकारी के अनुसार तेज आंधी के कारण कई जगहों पर बिजली पोल क्षतिग्रस्त हो गए। कई स्थानों पर तार टूटकर गिर गए, जिससे बिजली लाइन पूरी तरह बाधित हो गई। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विभाग ने कुछ फीडरों की आपूर्ति एहतियातन बंद कर दी।