राजस्व मामलों में लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई : डीएम, जिले के सभी किसानों का फार्मर रजिस्ट्री कराने का निर्देश, राजस्व महाअभियान की समीक्षा बैठक में दिए कई अहम निर्देश
राजस्व मामलों में लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई : डीएम, जिले के सभी किसानों का फार्मर रजिस्ट्री कराने का निर्देश, राजस्व महाअभियान की समीक्षा बैठक में दिए कई अहम निर्देश
राजस्व मामलों में लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई : डीएम,
जिले के सभी किसानों का फार्मर रजिस्ट्री कराने का निर्देश, राजस्व महाअभियान की समीक्षा बैठक में दिए कई अहम निर्देश
दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा
समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में बिरौल एवं बेनीपुर अनुमंडल अंतर्गत सभी अंचलों के राजस्व कार्यों की विस्तृत समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्व महाअभियान, परिमार्जन प्लस, दाखिल-खारिज, जमाबंदी सुधार, मापी तथा फार्मर रजिस्ट्री से संबंधित लंबित मामलों की समीक्षा की गई।
बैठक में उपस्थित सभी अंचलाधिकारियों, राजस्व अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि राजस्व महाअभियान के तहत प्राप्त सभी आवेदनों को शीघ्र पोर्टल पर अपलोड किया जाए। उन्होंने आवेदन अपलोड कार्य में तेजी लाने के लिए सर्वे अमीन की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन हो सके।
डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि राजस्व महाअभियान के तहत प्राप्त सभी आवेदनों को 07 जून 2026 तक हल्का वार विभाजित कर उनका निवारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि राजस्व मामलों के निष्पादन में किसी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फार्मर रजिस्ट्री को लेकर जिलाधिकारी ने विशेष अभियान चलाने का निर्देश देते हुए कहा कि जिले के अधिक से अधिक किसानों का परिमार्जन कार्य पूरा कर उनकी फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनाई जाए, ताकि किसानों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने प्रत्येक पंचायत में किसानों को चिन्हित कर विशेष अभियान के तहत फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनाने की जिम्मेदारी संबंधित कर्मचारियों को सौंपी। साथ ही जमाबंदी सुधार से जुड़े आवेदनों के त्वरित निष्पादन का भी निर्देश दिया।
बैठक में अपर समाहर्ता (राजस्व) मनोज कुमार, डीसीएलआर बिरौल मयंक सिंह, डीसीएलआर बेनीपुर अविनाश कुमार सिंह सहित सभी अंचलाधिकारी एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।