ईडी के बाद अब निगरानी का शिकंजा, करोड़ों की संपत्ति और नकदी बरामद,

सरकारी निविदा घोटाले में बड़ी कार्रवाई, पटना स्थित ठिकाने पर छापेमारी से मचा हड़कंप

दस्तक 7मीडिया ,पटना 

सरकारी निविदाओं में कथित हेराफेरी कर अपनी कंपनी को अवैध लाभ पहुंचाने और सरकार को राजस्व का भारी नुकसान पहुंचाने के आरोप में विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी ऋषभ के खिलाफ कांड संख्या-05/2025 दिनांक 30.04.2025 दर्ज किया है। मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988, ऑफिशियल सीक्रेट एक्ट और बीएनएस 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया है।

विशेष निगरानी इकाई के अनुसार आरोपी पर आरोप है कि उसने सरकारी टेंडरों में गड़बड़ी कर अपनी कंपनी को अनुचित फायदा पहुंचाया। इससे पूर्व प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी इस मामले की जांच कर चुका है और पी.सी. एक्ट के तहत कार्रवाई की अनुशंसा की गई थी।

इसी कड़ी में मंगलवार को विशेष न्यायाधीश, निगरानी, पटना द्वारा जारी तलाशी वारंट के आधार पर पटना स्थित आरोपी के आवासीय परिसर में छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान करीब 2 करोड़ रुपये मूल्य के आभूषण और 2.5 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।

बताया जाता है कि नवंबर 2025 में भी ईडी और एचडी की संयुक्त टीम ने इसी परिसर पर छापा मारा था। उस दौरान अधिकारियों ने 51 लाख रुपये नकद, करीब 2 करोड़ रुपये के जेवरात तथा 61 बिक्री विलेख (Sale Deeds) जब्त किए थे।

लगातार हो रही एजेंसियों की कार्रवाई से प्रशासनिक और कारोबारी हलकों में हड़कंप मचा हुआ है। जांच एजेंसियां अब बरामद दस्तावेजों और संपत्तियों के स्रोत की गहन पड़ताल में जुट गई हैं।

विशेष निगरानी इकाई के अपर पुलिस महानिदेशक पंकज कुमार दराद ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है और जल्द ही कई अहम खुलासे हो सकते हैं।