सुपौल बाजार में प्रशासन का फ्लैग मार्च, अफवाह फैलाने और हुड़दंग करने वालों को सख्त चेतावनी
सुपौल बाजार में प्रशासन का फ्लैग मार्च, अफवाह फैलाने और हुड़दंग करने वालों को सख्त चेतावनी
सुपौल बाजार में प्रशासन का फ्लैग मार्च, अफवाह फैलाने और हुड़दंग करने वालों को सख्त चेतावनी
दस्तक 7 मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता दरभंगा।
ईद-उल-अजहा (बकरीद) के त्योहार को क्षेत्र में शांति, आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ संपन्न कराने के लिए अनुमंडल प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी कड़ी में बुधवार को अनुमंडल प्रशासन और स्थानीय पुलिस की ओर से थाना क्षेत्र के मुख्य व्यावसायिक केंद्र सुपौल बाजार सहित विभिन्न संवेदनशील मार्गों पर संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च का नेतृत्व खुद एसडीओ शशांक राज, एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी संयुक्त रूप से कर रहे थे। मार्च में बीडीओ प्रदीप कुमार झा और थानाध्यक्ष चंद्रमणि के अलावा, अपर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार,एस आई पूजा कुमारी,शैलेश कुमार,एएसआई राजीव कुमार के साथ भारी संख्या में पुलिस बल और अधिकारियों के काफिले को सड़क पर देख आम लोगों में सुरक्षा का भाव मजबूत हुआ। फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने सुपौल बाजार के विभिन्न चौक-चौराहों पर रुककर स्थानीय लोगों से संवाद किया और शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने का संदेश दिया। इस दौरान एसडीओ शशांक राज और एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने असामाजिक तत्वों को दो टूक चेतावनी देते हुए कहा त्योहार के दौरान हुड़दंग करने या शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों को कतई बख्शा नहीं जाएगा। विशेष रूप से सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें या अफवाह फैलाने वालों पर प्रशासन की पैनी नजर है। किसी भी भड़काऊ पोस्ट या अफवाह को शेयर करने वाले के खिलाफ सीधे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बकरीद के मद्देनजर पूरे थाना क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। फ्लैग मार्च में बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी, सशस्त्र बल के जवान और स्थानीय चौकीदार शामिल थे। प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय थाने को दें।