गैस एजेंसियों पर जिला प्रशासन की सख्ती, 28 मई को 13 हजार से अधिक सिलेंडर वितरण का लक्ष्य

दस्तक 7 मीडिया ,दरभंगा /

जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। बुधवार को वरीय पदाधिकारियों द्वारा सात गैस एजेंसियों समेत तीन अन्य स्थानों पर औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उपभोक्ताओं को समय पर गैस आपूर्ति और शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। प्रशासन ने साफ कहा है कि उपभोक्ताओं को परेशान करने वाली एजेंसियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन के अनुसार जिले की 75 गैस एजेंसियों के माध्यम से गैस आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है। प्रशासन ने सभी एजेंसियों को निर्देश दिया है कि बुकिंग के बाद निर्धारित दर पर उपभोक्ताओं के घर तक गैस सिलेंडर पहुंचाना सुनिश्चित करें। साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और अपनी बारी का इंतजार करने की अपील की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को जिले में कुल 8 हजार 544 एलपीजी गैस सिलेंडरों का वितरण किया गया। इसमें दरभंगा सदर अनुमंडल में 5 हजार 581, बेनीपुर अनुमंडल में 1 हजार 493 तथा बिरौल अनुमंडल में 1 हजार 470 सिलेंडर शामिल हैं। वहीं, दिन के अंत तक विभिन्न एजेंसियों के गोदामों में 3 हजार 896 सिलेंडर शेष बताए गए हैं।

डीएसओ ने बताया कि 28 मई को जिले में 13 हजार से अधिक सिलेंडर वितरण का लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत दरभंगा सदर अनुमंडल में 7 हजार 507, बेनीपुर अनुमंडल में 990 तथा बिरौल अनुमंडल में 4 हजार 877 सिलेंडर वितरित किए जाएंगे।

उप निदेशक जनसंपर्क सत्येन्द्र प्रसाद ने कहा कि जिले में पेट्रोलियम पदार्थ एवं एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन के अंतराल पर बुकिंग की व्यवस्था निर्धारित है तथा बुकिंग के दो से तीन दिनों के भीतर होम डिलीवरी के माध्यम से गैस उपभोक्ताओं तक पहुंचाई जा रही है। उन्होंने कहा कि शादी-विवाह एवं अन्य आयोजनों के लिए कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति भी नियमित रूप से जारी है।

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने सभी गैस एजेंसियों को पारदर्शी एवं समयबद्ध वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए चेतावनी दी है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मुनाफाखोरी एवं जमाखोरी करने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

गैस आपूर्ति से संबंधित किसी भी शिकायत के लिए जिला प्रशासन द्वारा कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। उपभोक्ता दूरभाष संख्या 06272-245055 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। प्रशासन का दावा है कि प्राप्त अधिकांश शिकायतों का त्वरित समाधान किया जा चुका है।