बकरीद को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने निकाला फ्लैग मार्च
बकरीद को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने निकाला फ्लैग मार्च
बकरीद को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने निकाला फ्लैग मार्च
दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा
बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं विधि-व्यवस्था के अनुकूल माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी क्रम में बुधवार को जिलाधिकारी कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला के नेतृत्व में शहर के विभिन्न संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च पुलिस लाइन से शुरू होकर नीम चौक, उर्दू बाजार, दरभंगा टावर, बाजार समिति, दिल्ली मोड़, कादिराबाद, दरभंगा रेलवे स्टेशन, बेंता समेत कई प्रमुख क्षेत्रों से होकर गुजरा। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों एवं पुलिस बल ने आम लोगों से बकरीद पर्व को आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के वातावरण में मनाने की अपील की।
जिलाधिकारी कौशल कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन सभी नागरिकों की सुरक्षा एवं सुविधा को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने लोगों से शांति एवं सद्भाव बनाए रखते हुए प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
वहीं वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला ने कहा कि पर्व के दौरान सभी संवेदनशील स्थलों पर 24 घंटे विशेष निगरानी रखी जा रही है। असामाजिक तत्वों और अफवाह फैलाने वालों पर प्रशासन की कड़ी नजर है। विधि-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फ्लैग मार्च में नगर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार चौधरी, सदर अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी एवं पुलिस बल मौजूद रहे।