पेयजल संकट पर डीएम सख्त, लंबित बोरिंग कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश
पेयजल संकट पर डीएम सख्त, लंबित बोरिंग कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश
पेयजल संकट पर डीएम सख्त, लंबित बोरिंग कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश
दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा
जिले में गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल आपूर्ति को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) के अभियंताओं एवं संवेदकों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था, लंबित बोरिंग कार्य, चापाकल मरम्मत एवं पाइपलाइन विस्तार योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि किसी भी क्षेत्र में पेयजल संकट उत्पन्न होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी कनीय अभियंताओं को निर्देश दिया कि लंबित बोरिंग कार्यों को शीघ्र पूरा कर आम लोगों को स्वच्छ एवं नियमित पेयजल उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
डीएम ने बहादुरपुर, बेनीपुर, सिंहवाड़ा, जाले एवं केवटी प्रखंडों में पेयजल व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर पर्याप्त संख्या में प्याऊ लगाने तथा जहां भी पेयजल संकट की सूचना मिले वहां तत्काल टैंकर से जलापूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने संवेदकों को कार्य में तेजी लाने एवं अतिरिक्त कार्यबल लगाने का निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में पेयजल की कमी नहीं होनी चाहिए। पाइपलाइन के माध्यम से जलापूर्ति योजनाओं में तेजी लाने और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।
बैठक के दौरान पुराने एवं नए चापाकलों की स्थिति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने खराब पड़े चापाकलों की युद्ध स्तर पर मरम्मत कराने का निर्देश दिया। बिरौल समेत अन्य प्रखंडों में योजनाओं की निगरानी के लिए विशेष टीम गठित करने को भी कहा गया।
इस अवसर पर कार्यपालक अभियंता पीएचईडी उत्कर्ष भारती सहित विभाग के सभी संबंधित पदाधिकारी, अभियंता एवं संवेदक उपस्थित थे।