केवटी बीडीओ चन्द्रमोहन पासवान के ठिकानों पर ईओयू की छापेमारी मे आय से अधिक संपत्ति मामले में छह ठिकानों पर चल रही तलाशी मे  89 लाख से अधिक की अवैध संपत्ति का आरोप

दस्तक 7मीडिया /गुड्डू राज 

आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में केवटी (दरभंगा) के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) चन्द्रमोहन पासवान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू की है। ईओयू थाना कांड संख्या-09/26, दिनांक 26 मई 2026 के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विशेष निगरानी न्यायालय, मुजफ्फरपुर से तलाशी वारंट प्राप्त किया गया।

विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के सत्यापन के दौरान जांच एजेंसी को प्रथम दृष्टया बीडीओ चन्द्रमोहन पासवान द्वारा ज्ञात आय से 89 लाख 13 हजार 500 रुपये अधिक संपत्ति अर्जित करने के साक्ष्य मिले हैं। यह राशि उनकी वैध आय से लगभग 81.03 प्रतिशत अधिक बताई जा रही है।

ईओयू की अलग-अलग टीमों ने पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में बुधवार सुबह से छह स्थानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। जिन ठिकानों पर तलाशी ली जा रही है उनमें दरभंगा के बहादुरपुर स्थित आवास एवं व्यावसायिक भवन, मधुबनी जिले के बाबूबरही स्थित पैतृक आवास और व्यावसायिक प्रतिष्ठान, तथा केवटी स्थित सरकारी कार्यालय और सरकारी आवास शामिल हैं।

सूत्रों के अनुसार तलाशी के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, बैंक खातों, निवेश और संपत्तियों से जुड़े कागजात की जांच की जा रही है। हालांकि देर शाम तक तलाशी अभियान जारी रहने के कारण विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई थी।

ईओयू अधिकारियों का कहना है कि तलाशी प्रक्रिया पूरी होने के बाद जब्त दस्तावेजों और संपत्तियों का आकलन कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिले में इस कार्रवाई को लेकर प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है।