ब्रेकिंग खबर :केवटी के बीडीओ पर शिकंजा: सुबह-सुबह EOU का बड़ा एक्शन, कई जिलों में एक साथ रेड से मचा हड़कंप

दस्तक 7 मीडिया /गुड्डू राज

आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों में केवटी प्रखंड के बीडीओ चंद्र मोहन पासवान पर आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए कई जिलों में एक साथ छापेमारी की। तड़के शुरू हुई इस कार्रवाई से प्रशासनिक गलियारों में हलचल बनी रही।

जानकारी के मुताबिक EOU की विशेष टीम सुबह करीब सात बजे से ही सक्रिय हो गई थी। टीम ने दरभंगा के केवटी प्रखंड कार्यालय स्थित सरकारी आवास और कार्यालय समेत मधुबनी के बाबूबरही स्थित पैतृक घर, सीतामढ़ी के एक ठिकाने तथा दरभंगा के बहादुरपुर थाना क्षेत्र में मौजूद निजी आवास पर एक साथ दबिश दी। छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने संपत्ति से जुड़े दस्तावेज, बैंकिंग रिकॉर्ड, जमीन के कागजात, निवेश और अन्य वित्तीय विवरणों की गहन जांच शुरू की।

सूत्रों की मानें तो कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति से जुड़ी शिकायतों और प्रारंभिक जांच में मिले इनपुट के आधार पर की गई है। कई जगहों पर स्थानीय पुलिस बल की मौजूदगी में दस्तावेजों का सत्यापन और पूछताछ का दौर चलता रहा। EOU अधिकारियों ने पूरे ऑपरेशन को गोपनीय रखते हुए अलग-अलग टीमों के जरिए समन्वित कार्रवाई की।

छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में नकदी मिलने की भी चर्चा है। हालांकि नकद बरामदगी को लेकर अब तक किसी अधिकारी ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। बताया जा रहा है कि टीम को कुछ अहम दस्तावेज और संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड हाथ लगे हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

जैसे ही कार्रवाई की खबर फैली, केवटी प्रखंड कार्यालय परिसर और आसपास लोगों की भीड़ जुटने लगी। पूरे इलाके में  इस कार्रवाई की चर्चा होती रही। प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आर्थिक अपराध इकाई विस्तृत जानकारी सार्वजनिक कर सकती है।जैसे ही यह जानकारी सार्वजनिक होगा तो दस्तक 7मीडिया पूरी खबर के साथ आपको प्रस्तुत करेगा।