दरभंगा नगर निगम की सशक्त स्थाई समिति चुनाव सम्पन्न, नए-पुराने चेहरों का रहा मिश्रण,

सात पदों के लिए 14 प्रत्याशी मैदान में, कई मुकाबले बेहद कांटे के।

दस्तक 7 मीडिया /गुड्डूराज 

लहेरियासराय स्थित जिला परिषद सभागार में बुधवार को दरभंगा नगर निगम की सशक्त स्थाई समिति के सात सदस्यों के लिए चुनाव संपन्न हुआ। चुनाव में कुल सात पदों के लिए 14 प्रत्याशियों ने भाग लिया, जिसमें कुछ पुराने तो कुछ नए चेहरे जीतकर सशक्त स्थाई समिति के सदस्य बने।

चुनाव परिणाम में नारद यादव ने 24 वोट प्राप्त कर जीत दर्ज की। वहीं विश्वपति मिश्रा को 23 वोट मिले और वे महज एक वोट से पराजित हुए। नफीसुल हक उर्फ रिंकू को सर्वाधिक 34 वोट प्राप्त हुए, जबकि पूनम देवी को 13 वोट मिले। इस मुकाबले में जीत का अंतर 21 वोट रहा।

राजू पासवान ने 28 वोट हासिल कर अजय महतो को हराया। अजय महतो को 19 वोट मिले और राजू पासवान नौ वोटों के अंतर से विजयी घोषित किए गए। चांदनी देवी को 25 वोट मिले, जबकि फिरोज आलम को 21 वोट प्राप्त हुए। इस दौरान एक वोट रद्द भी हुआ। चांदनी देवी ने चार वोटों के अंतर से जीत हासिल की।

सबसे रोचक मुकाबला राजीव कुमार और रवि रोहन के बीच देखने को मिला। राजीव कुमार को 24 वोट मिले, जबकि रवि रोहन को 23 वोट प्राप्त हुए। एक वोट के अंतर से जीत दर्ज कर राजीव कुमार पहली बार सशक्त स्थाई समिति के सदस्य निर्वाचित हुए।

रियासत अली ने 27 वोट प्राप्त कर रिंकू कुमारी को सात वोटों से पराजित किया। रिंकू कुमारी को 20 वोट मिले। वहीं ज्योति कुमारी ने 28 वोट हासिल कर सोनी पूर्वे को नौ वोटों से हराया। सोनी पूर्वे को 19 वोट प्राप्त हुए।

मौके पर महापौर अंजुम आरा, उप महापौर नाजिया हसन, पूर्व पार्षद डब्बू खान, पार्षद प्रतिनिधि डॉ. मुन्ना खान, डॉ. जमाल हसन, पार्षद मुकेश महाशेठ, पार्षद फिरदौस जहां, अशोक कुमार, भोलू यादव समेत बड़ी संख्या में पार्षद, प्रतिनिधि एवं निगम कर्मी मौजूद रहे। सभी ने नवनिर्वाचित सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।