गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग, सभी स्लॉटर हाउस बंद हों : डॉ. शोएब खान

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा

बकरीद पर्व को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. शोएब अहमद खान ने गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि देश में गाय की रक्षा के लिए सभी वर्गों को एकजुट होकर आगे आने की जरूरत है।

डॉ. खान ने कहा कि वह बजरंग दल और गौ रक्षा दल की उस मांग का समर्थन करते हैं, जिसमें गायों की सुरक्षा की बात कही जाती है। उन्होंने कहा कि यदि समाज को वास्तव में गाय से प्रेम है, तो उसकी समुचित रक्षा सुनिश्चित करनी होगी। साथ ही उन्होंने देशभर में संचालित स्लॉटर हाउसों को बंद करने की मांग भी की।

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि वर्षों से चल रहे स्लॉटर हाउसों के मुद्दे पर अब तक गंभीर पहल क्यों नहीं हुई। उन्होंने कहा कि सरकार को जल्द से जल्द गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करना चाहिए।

डॉ. शोएब खान ने गौशाला संचालकों से भी अपील करते हुए कहा कि गौशालाओं में रखी गई गायों की बेहतर देखभाल होनी चाहिए और किसी भी गाय की मौत भोजन या देखरेख के अभाव में नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि गाय के नाम पर राजनीति करने के बजाय समाज को जोड़ने का प्रयास होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि देश के युवाओं को रोजगार और बेहतर शिक्षा की आवश्यकता है। बच्चे देश का भविष्य हैं और उनमें आपसी नफरत नहीं, बल्कि प्रेम और भाईचारे की भावना विकसित की जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि हिन्दू-मुस्लिम सभी समुदायों को मिलकर देश में सामाजिक सौहार्द बनाए रखना चाहिए तथा गाय को राष्ट्रीय पशु का दर्जा दिलाने के लिए शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करना चाहिए।