10 दिन में निपटाएं सभी लंबित राजस्व मामले, नहीं तो होगी कार्रवाई : डीएम
10 दिन में निपटाएं सभी लंबित राजस्व मामले, नहीं तो होगी कार्रवाई : डीएम
10 दिन में निपटाएं सभी लंबित राजस्व मामले, नहीं तो होगी कार्रवाई : डीएम
दस्तक 7 मीडिया ,दरभंगा /
समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में सदर अनुमंडल के सभी अंचलों के राजस्व कार्यों की विस्तृत समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में परिमार्जन प्लस, दाखिल-खारिज, मापी, जमाबंदी सुधार तथा राजस्व महा अभियान के तहत प्राप्त आवेदनों की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान डीएम ने सभी अंचलाधिकारियों एवं राजस्व कर्मचारियों को निर्देश दिया कि आगामी 10 दिनों के भीतर सभी लंबित आवेदनों का निष्पादन हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि राजस्व मामलों के निष्पादन में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों-कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई होगी।
समीक्षा के दौरान कई अंचलों में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर लंबित मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। खासकर मापी से जुड़े मामलों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। डीएम ने निर्देश दिया कि प्रत्येक अमीन प्रतिदिन कम-से-कम दो से तीन मापी मामलों का निष्पादन करें, ताकि लंबित मामलों का जल्द निपटारा हो सके।
बैठक में फार्मर रजिस्ट्री को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने कहा कि अधिक से अधिक किसानों का परिमार्जन कार्य कराकर उनकी फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनाई जाए, ताकि उन्हें सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। इसके लिए प्रत्येक पंचायत में 30 से 40 किसानों को चिन्हित कर विशेष अभियान के तहत फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनाने का निर्देश दिया गया।
जमाबंदी सुधार मामलों की समीक्षा में जाले एवं बहेड़ी अंचल में लंबित मामलों की संख्या अधिक पाए जाने पर डीएम ने अपर समाहर्ता (राजस्व) को संबंधित अंचलाधिकारियों से स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश दिया।
बैठक में अपर समाहर्ता (राजस्व) मनोज कुमार, डीसीएलआर सदर संजीत कुमार, उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद सहित सभी अंचलाधिकारी एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।